श्रद्धा हत्याकांड (Shraddha Murder Case) के आरोपी आफताब (Aftab) को कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जिसके बाद उसका नया ठिकाना तिहाड़ जेल होगा। आफताब पूनवाला को शनिवार दोपहर दिल्ली की एक अदालत ने 13 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दिल्ली पुलिस ने हत्या के मामले में पूछताछ के लिए उसकी हिरासत मांगी थी। जिसे कोर्ट ने अस्वीकार कर दिया।
अस्पताल से हुई पेशी
आरोपी आफताब को अंबेडकर अस्पताल से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस आज सुबह उसे मेडिकल जांच के लिए ले गई थी। पूनावाला को जनता और मीडिया से दूर रखने के लिए पुलिस ने कई अतिरिक्त उपाय किए हैं। दिल्ली पुलिस दोपहर करीब ढाई बजे आफताब को लेकर अस्पताल पहुंची और उसे अस्पताल के अंदर एक कमरे में रखा। वहीं से उसे कोर्ट में पेश किया गया।
होगा नार्को टेस्ट
पूनावाला का पॉलीग्राफ टेस्ट हो चुका है और अब सोमवार को उनका नार्को टेस्ट होगा, क्योंकि पॉलीग्राफ के नतीजे उम्मीदों के अनुरूप नहीं आए हैं। मिली जानकारी के अनुसार आफताब पुलिस को भटकाने की कोशिश कर रहा है, वो रटे-रटाये जवाब दे रहा है। इसीलिए पुलिस नार्को टेस्ट करवाने की तैयारी कर रही है।
18 मई को मर्डर
बता दें कि श्रद्धा और आफताब एक डेटिंग ऐप पर मिले थे और 2019 से साथ रह रहे थे। वे इस साल 8 मई को मुंबई से दिल्ली आए थे। दस दिन बाद 18 मई को आफताब ने श्रद्धा का गला घोंट दिया और उसके शरीर के 35 टुकड़े कर दिए। जिसे महरौली के जंगलों में फेंक दिया। पुलिस की काफी कोशिशों के बाद इस मामले का खुलासा हुआ है।
