असम के गुवाहाटी में एक लड़की के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है। पीड़िता का अभी तक पता नहीं चला है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। महिला के साथ रास उत्सव के दौरान गैगरेप की घटना घटी है। महिला को एक मंदिर परिसर में ले जाकर गैंगरेप किया गया है।
एक पत्रकार ने पुलिस को भेजा था वीडियो
असम के गुवाहाटी में मंदिर परिसर में एक महिला से दुष्कर्म करने के आरोप में शुक्रवार को आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कथित तौर पर गोरचुक क्षेत्र में हुई घटना का कथित वीडियो स्थानीय लोगों के बीच प्रसारित होने के बाद ये गिरफ्तारियां की गईं। सात आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि आठवें व्यक्ति को बाद में गिरफ्तार किया गया। गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त दिगंत बराह ने कहा कि कथित सामूहिक बलात्कार का वीडियो शुक्रवार सुबह एक पत्रकार से प्राप्त हुआ।
वीडियो से हुई आरोपियों की पहचान
बराह ने कहा कि प्राप्त सूचना और वीडियो के गहन विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम ने गोरचुक और जालुकबारी पुलिस थाने के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर तत्काल छापे मारे और वीडियो में दिखे लोगों की पहचान की पुष्टि के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों की उम्र 18 से 23 वर्ष के बीच है। पुलिस आयुक्त ने कहा, ‘‘महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है। जांच जारी है।’’
17 नवंबर की है घटना
वहीं एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना 17 नवंबर को तब हुई जब इलाके में रास उत्सव मनाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी महिला को मंदिर परिसर में ले गया था और वहां उससे बलात्कार किया गया और घटना का वीडियो भी बनाया गया। अधिकारी ने बताया कि कथित वीडियो में नौ लोगों की पहचान की गई है और उनमें से एक फरार है। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि मंदिर और आस-पास के इलाकों में नशेड़ी घूमते रहते हैं।
