LIVE

आज की ताजा खबर 14 दिसंबर-2024 हिंदी न्यूज़: किसानों का दिल्ली चलो मार्च एक दिन के लिए स्थगित, लाल कृष्ण आडवाणी अस्पताल में भर्ती

आयुष सिन्हाUpdated Dec 15, 2024, 05:18 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर 14 दिसंबर-2024 हिंदी न्यूज़: किसानों का दिल्ली चलो मार्च एक दिन के लिए स्थगित, लाल कृष्ण आडवाणी अस्पताल में भर्ती

आज की ताजा खबर 14 दिसंबर-2024 हिंदी न्यूज़: किसानों का दिल्ली चलो मार्च एक दिन के लिए स्थगित, लाल कृष्ण आडवाणी अस्पताल में भर्ती

आज की ताजा खबर 14 दिसंबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: पंजाब से लगती हरियाणा की सीमा पर शनिवार को दिल्ली की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारी किसानों के समूह को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया। इस दौरान कुछ किसानों के घायल हो जाने के कारण प्रदर्शनकारी किसानों ने अपना 'दिल्ली चलो' मार्च एक दिन के लिए स्थगित कर दिया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को यहां अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि आडवाणी चिकित्सकों की निगरानी में हैं और उनकी हालत ‘स्थिर’ है। वहीं दक्षिण दिल्ली के वसंत विहार इलाके में स्थित अपने स्कूल में बम की धमकी वाला ई-मेल भेजने के आरोप में 12 वर्षीय एक छात्र को हिरासत में लिया गया। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। सूत्र ने बताया कि यह विद्यालय उन 30 विद्यालयों में शामिल था, जिन्हें शुक्रवार को ईमेल के माध्यम से बम की धमकी मिली थी। उन्होंने बताया कि छात्र का पता लगा लिया गया और तुरंत उसे हिरासत में ले लिया गया। इसके अलावा अभिनेता अल्लू अर्जुन जेल से रिहा हो गए। उन्हें चंचलगुडा सेंट्रल जेल से छोड़ दिया गया। तेलंगाना हाई कोर्ट ने 50,000 रुपये के निजी मुचलके पर अंतरिम जमानत दी है। तेलंगाना उच्च न्यायालय ने फिल्म ‘पुष्पा 2’ के प्रदर्शन के दौरान महिला की मौत के मामले में तेलुगु अभिनेता अल्लू अर्जुन को शुक्रवार को चार सप्ताह के लिए अंतरिम जमानत दे दी। उच्च न्यायालय से राहत मिलने के बावजूद अभिनेता को जेल में ही रात गुजारनी पड़ी, क्योंकि जेल अधिकारियों को शुक्रवार देर रात तक जमानत की प्रति नहीं मिली थी।

आज की अहम और बड़ी खबरें पढ़ें

  • दिल्ली के स्कूल में बम की धमकी देने वाले छात्र को हिरासत में लिया गया
  • भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
  • अभिनेता अल्लू अर्जुन जेल से रिहा हो गए। उन्हें चंचलगुडा सेंट्रल जेल से छोड़ दिया गया
  • अल्लू अर्जुन को उच्च न्यायालय से राहत मिलने के बावजूद जेल में गुजारनी पड़ी रात
  • उच्च न्यायालय ने दिलजीत दोसांझ के चंडीगढ़ कार्यक्रम को अनुमति दी
  • महुआ मोइत्रा ने लोकसभा में किरेन रिजिजू की टिप्पणी पर आईपीयू को लिखा पत्र
  • नवी मुंबई में 12 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त, 13 विदेशी नागरिक गिरफ्तार
  • सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने कई न्यायाधीशों को स्थायी न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की
  • राज कपूर की जन्मशती पर कपूर परिवार और बॉलीवुड हस्तियों ने मिलकर मनाया जश्न

DEC 14, 2024 17:50 IST

किसानों का दिल्ली चलो मार्च एक दिन के लिए स्थगित

पंजाब से लगती हरियाणा की सीमा पर शनिवार को दिल्ली की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारी किसानों के समूह को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया। इस दौरान कुछ किसानों के घायल हो जाने के कारण प्रदर्शनकारी किसानों ने अपना 'दिल्ली चलो' मार्च एक दिन के लिए स्थगित कर दिया।
DEC 14, 2024 16:25 IST

पाकिस्तान के बाद अब चीन से फाइटर जेट खरीदेगा बांग्लादेश

बांग्लादेश अपनी वायुसेना के लिए चीन की तरफ देख रहा है। आईडीआरडब्ल्यू के मुताबिक, बांग्लादेश एयर फोर्स के एयर चीफ मार्शल हसन महमूद खान ने कहा कि हम फाइटर जेट और हमलावर हेलीकॉप्टर हासिल करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर
DEC 14, 2024 15:34 IST

डाक सेवा ही जन सेवा है, विभाग जल्द ही हो जाएगा डिजिटल: सिंधिया

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को कहा कि डाक विभाग डिजिटल मंच पर जाने के लिए पुनर्गठन की प्रक्रिया से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि डाक सेवा जन सेवा है। भारतीय डाक एवं दूरसंचार लेखा और वित्त सेवा के 50वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंत्री ने कहा कि यह बदलाव ई-कॉमर्स वृद्धि के संदर्भ में विशेष रूप से प्रासंगिक है, जिससे विभाग इस उभरते हुए व्यवसाय के क्षेत्र में अग्रणी बनने की स्थिति में है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, “हमारा विभाग डिजिटल होने जा रहा है। हमारा विभाग व्यवसाय प्रक्रिया पुनर्गठन से गुजर रहा है, जहां हम आने वाले दिनों में खुद को एक लॉजिस्टिक्स कॉरपोरेशन में बदल देंगे, जहां हमें ई-कॉमर्स के मामले में बढ़ते नए व्यवसाय के साथ दुनिया में अग्रणी बनना होगा।” उन्होंने कहा कि डाक विभाग आज दुनिया भर में सबसे बड़ा वितरण नेटवर्क है, जिसके 1,64,000 डाकघर हैं।
DEC 14, 2024 15:11 IST

ओडिशा में तेंदुए की खाल जब्त, एक व्यक्ति गिरफ्तार

ओडिशा पुलिस के विशेष कार्य बल ने प्रदेश के बौध जिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से तेंदुए की खाल बरामद की। एक आधिकारिक बयान में शनिवार को यह जानकारी दी गई। विशेष कार्यबल (एसटीएफ) टीम ने शुक्रवार शाम को विश्वसनीय सूचना के आधार पर मनामुन्दा-सगदा रोड पर मेहरूनी पुल के पास छापेमारी की और एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एक बयान में कहा, "तलाशी के दौरान उसके पास से तेंदुए की खाल के साथ-साथ अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।" बयान में कहा गया कि आरोपी व्यक्ति को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 51 के तहत गिरफ्तार किया गया।
DEC 14, 2024 14:23 IST

यमुना नदी में अवैध रूप से बालू खनन करने के आरोप में 19 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले की थाना ईकोटेक- प्रथम पुलिस ने यमुना नदी में अवैध रूप से बालू खनन करने के आरोप में 19 लोगों के खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यमुना नदी से अवैध रूप से बालू खनन करने वाले बदमाशों के खिलाफ बीती रात पुलिस ने गैंगस्टर अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। उन्होंने बताया कि ये लोग संगठित गिरोह बनाकर अपने आर्थिक व भौतिक लाभ के लिए यमुना नदी से बालू खनन करते हैं। प्रवक्ता ने कहा इन लोगों ने यमुना नदी के तटबंध को नुकसान पहुंचाया और इनके द्वारा की जा रही है अपराधी गतिविधियों से लोक संपत्ति प्रभावित हो रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
DEC 14, 2024 14:23 IST

दिल्ली: स्कूल में बम की धमकी देने वाले छात्र को हिरासत में लिया गया

दक्षिण दिल्ली के वसंत विहार इलाके में स्थित अपने स्कूल में बम की धमकी वाला ई-मेल भेजने के आरोप में 12 वर्षीय एक छात्र को हिरासत में लिया गया। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। सूत्र ने बताया कि यह विद्यालय उन 30 विद्यालयों में शामिल था, जिन्हें शुक्रवार को ईमेल के माध्यम से बम की धमकी मिली थी। उन्होंने बताया कि छात्र का पता लगा लिया गया और तुरंत उसे हिरासत में ले लिया गया। सूत्र ने बताया कि उसके माता-पिता को चेतावनी दी गई और बाद में उसे जाने दिया गया। सूत्रों ने कहा कि छात्रा ने पुलिस को बताया कि उसने दिल्ली के कई विद्यालयों को बम की धमकी मिलने की खबर देखने के बाद यह ई-मेल भेजा था। सूत्र ने बताया कि उसे लगा कि वह पकड़ा नहीं जाएगा क्योंकि पहले के मामलों में कोई भी आरोपी अभी तक पकड़ा नहीं गया है। गत सोमवार को कम से कम 44 विद्यालयों को इसी प्रकार के ईमेल प्राप्त हुए। दिल्ली के एक स्कूल को शनिवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जो इस सप्ताह राष्ट्रीय राजधानी के स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल भेजे जाने की तीसरी घटना है।
DEC 14, 2024 14:22 IST

आरबीआई ने बिना गारंटी के कृषि ऋण की सीमा बढ़ाकर दो लाख रुपये की

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने एक जनवरी, 2025 से किसानों के लिए बिना गारंटी के ऋण की सीमा 1.6 लाख रुपये से बढ़ाकर दो लाख रुपये कर दी है। यह कदम खेती की बढ़ती लागत के बीच छोटे और सीमांत किसानों की सहायता करने के लिए उठाया गया है। नए निर्देश में देशभर के बैंकों से प्रत्येक उधारकर्ता के लिए दो लाख रुपये तक के कृषि और संबद्ध गतिविधि ऋण के लिए जमानत और मार्जिन आवश्यकताओं को माफ करने को कहा गया है। कृषि मंत्रालय के अनुसार, यह फैसला बढ़ती लागत और किसानों के लिए ऋण पहुंच में सुधार के लिए लिया गया है। बयान में कहा गया, ''इस उपाय से छोटे और सीमांत भूमिधारक 86 प्रतिशत से अधिक किसानों को काफी लाभ होगा।'' बैंकों को दिशानिर्देशों को तेजी से लागू करने और नए ऋण प्रावधानों के बारे में व्यापक जागरूकता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इस कदम से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण तक आसान पहुंच की सुविधा मिलने की उम्मीद है और यह सरकार की संशोधित ब्याज सहायता योजना का पूरक होगा। इस योजना के तहत सरकार चार प्रतिशत प्रभावी ब्याज दर पर तीन लाख रुपये तक का ऋण देती है।
DEC 14, 2024 14:21 IST

पेपर लीक मामला : केरल के शिक्षामंत्री ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा

केरल के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने शनिवार को एसएसएलसी और कक्षा 11 की क्रिसमस की छुट्टियों से पहले होने वाली परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘शिक्षा महानिदेशक इस घटना के संबंध में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के समक्ष शिकायत दर्ज कराएंगे।’’ मीडिया में हाल में खबर आई थीं कि क्रिसमस की छुट्टियों से पहले होने वाली परीक्षाओं के लिए कक्षा 10वीं की अंग्रेजी और कक्षा 11वीं की गणित के प्रश्न पत्र लीक हो गए हैं और परीक्षा से पहले यूट्यूब चैनलों पर प्रसारित कर दिए गए थे। उन्होंने यह भी कहा कि लीक हुए प्रश्नपत्र प्रकाशित करने वाले यूट्यूब चैनलों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा, ‘‘सरकार सार्वजनिक शिक्षा विभाग से उन शिक्षकों के बारे में जानकारी एकत्र करेगी जो निजी ट्यूशन केंद्रों से जुड़े हैं, और उनकी जांच की जाएगी।’’
DEC 14, 2024 14:21 IST

अरुणाचल प्रदेश में एक स्कूल में पानी की टंकी ढहने से तीन छात्रों की मौत

अरुणाचल प्रदेश के नाहरलागुन में शनिवार को एक निजी स्कूल में पानी की टंकी गिरने से तीन छात्रों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। नाहरलागुन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मिहिन गाम्बो ने बताया कि मॉडल गांव में स्थित सेंट अल्फोंसा स्कूल में छात्र खेल रहे थे, तभी टंकी ढह गया, जिससे छह छात्र घायल हो गए। एसपी ने कहा, “सभी घायलों को नाहरलागुन में स्थित टोमो रीबा स्वास्थ्य एवं आयुर्विज्ञान केंद्र (टीआरआईएचएमएस) ले जाया गया, जहां तीन छात्रों को मृत घोषित कर दिया गया।" उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि मृतक नौवीं कक्षा के छात्र थे, जबकि घायल कक्षा 6 और 7 के छात्र हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए स्कूल के प्रधानाचार्य, मालिक और चार कर्मचारियों को हिरासत में लिया है। एसपी ने कहा, “प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि पानी की टंकी में क्षमता से अधिक पानी भरा गया था। हालांकि, हम सटीक कारण जानने के लिए मामले की जांच कर रहे हैं।”
DEC 14, 2024 13:01 IST

बिहार एसटीएफ से हुई मुठभेड़ में मारा गया 10 आपराधिक मामलों में वांछित व्यक्ति

बिहार और हरियाणा में बैंक डकैती समेत 10 से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित एक व्यक्ति पटना जिले में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आकाश यादव उर्फ अजय राय राज्य पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) के कर्मियों और एक आपराधिक गिरोह के सदस्यों के बीच जक्कनपुर इलाके में बुधवार रात हुई गोलीबारी में मारा गया। उन्होंने कहा कि एसटीएफ का एक उप-निरीक्षक गोलीबारी में घायल हो गया। बिहार पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी-अभियान) अमृत राज ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “हमें पता चला कि राय और उसके साथी जक्कनपुर इलाके में एक जगह पर छिपे हुए हैं, जिसके बाद एसटीएफ की टीम वहां पहुंची। आपराधिक गिरोह के सदस्यों ने पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश की और एसटीएफ कर्मियों को निशाना बनाकर गोली चलानी शुरू कर दी।” राज ने कहा, “पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की। राय और एक उप-निरीक्षक को गोली लगी। दोनों को नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां राय की मौत हो गई।” एडीजी ने बताया कि घायल पुलिसकर्मी का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है और उसकी हालत अब स्थिर है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम ने मुठभेड़ स्थल से एक पिस्तौल, कई कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। एडीजी ने बताया कि राय के साथी मुठभेड़ स्थल से भाग गए, उन्हें गिरफ्तार करने के लिए तलाशी अभियान जारी है। अधिकारी ने बताया, "राय बिहार और हरियाणा में बैंक डकैती समेत 10 से अधिक मामलों में वांछित था।"
DEC 14, 2024 13:01 IST

लोकसभा ने एस एम कृष्णा और चार अन्य पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि दी

लोकसभा ने शनिवार को पूर्व विदेश एस एम कृष्णा और उन चार पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि दी जिनका हाल में निधन हुआ है। सदन की कार्यवाही आरंभ होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पूर्व सदस्यों कृष्णा, प्रभात सामंत राय, के. मलयसामी, मनोरमा सिंह और एरा मोहन के निधन के बारे में सदन को सूचित किया। उन्होंने इन पूर्व सदस्यों के राजनीतिक जीवन का संक्षिप्त उल्लेख किया। इसके बाद सदस्यों ने कुछ देर मौन रखकर पांचों पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि दी। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री कृष्णा का मंगलवार सुबह बेंगलुरु में उनके आवास पर निधन हो गया। 92 वर्षीय वरिष्ठ राजनेता लंबे समय से बीमार थे। वह 11 अक्टूबर, 1999 से 28 मई, 2004 तक कर्नाटक के 16वें मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में भी कार्य किया और 2009 से 2012 तक मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान विदेश मंत्री रहे। कृष्णा 1971 से 2014 के बीच कई बार लोकसभा तथा राज्यसभा के सदस्य भी चुने गए।
DEC 14, 2024 13:00 IST

लूट के मामले के आरोपी ने दरोगा पर चलाई गोली,जवाबी कार्रवाई में घायल

मेरठ के थाना परीक्षितगढ़ में दर्ज लूट के एक मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस की कार्रवाई में घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राकेश कुमार मिश्रा ने शनिवार को बताया कि थाना परीक्षितगढ़ क्षेत्र में गेसूपुर बोम्बे के पास मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने एक व्यक्ति से 49 हजार रुपए लूट लिए थे। इस संबंध में परीक्षितगढ़ थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। उन्होंने बताया कि इस मामले में एक बदमाश को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। दूसरे बदमाश जसवीर को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर माल बरामदगी के लिए घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर आगे ग्राम शिवपुरी के जंगल में ले जाया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी जसवीर उर्फ यशवीर उर्फ गुरू को गाड़ी से उतारकर माल बरामदगी की कार्यवाही की जा रही थी, तभी मौका पाकर अभियुक्त ने दरोगा रजनीकान्त की पिस्तौल छीन ली पुलिस दल पर गोली चला दी । उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस दल ने भी जवाबी कार्रवाई की और इसमें एक गोली जसवीर के पैर में लगी। उसे पकड़ लिया गया और परीक्षितगढ़ अस्पताल ले जाया गया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त शातिर अपराधी है। और उसके खिलाफ मेरठ के सरूरपुर, लाल कुर्ती, बागपत जिले के थाना रमाला, थाना दोघट,थाना सिघांवली अहीर में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
DEC 14, 2024 13:00 IST

CBI ने रिश्वतखोरी मामले की जांच के सिलसिले में IAS अधिकारी को तलब किया

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कथित रिश्वतखोरी मामले की जांच के तहत ओडिशा कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी बिष्णुपद सेठी और उनके वाहन चालक को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है। सीबीआई निरीक्षक गुरजिंदर सिंह ने 10 दिसंबर को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी को लिखे पत्र में कहा, “पता चला है कि आप इस मामले के कुछ महत्वपूर्ण और प्रासंगिक तथ्यों व परिस्थितियों से परिचित हैं, जिनके बारे में आपसे पूछताछ की जरूरत है।” सूत्रों ने बताया कि सेठी को 11 दिसंबर को सीबीआई के भुवनेश्वर कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया था। उन्होंने बताया कि सेठी ने अपने वकीलों के माध्यम से और समय मांगा है। सेठी की ओर से इस मामले पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। चूंकि सेठी निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हुए, इसलिए एजेंसी ने राज्य सरकार से उन सभी वाहन चालकों की सूची और विवरण मांगा है, जिन्होंने पिछले छह वर्षों में आईएएस अधिकारी के अधीन काम किया है। जांच एजेंसी का यह कदम ब्रिज एंड रूफ कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड, भुवनेश्वर के समूह महाप्रबंधक चंचल मुखर्जी और अन्य आरोपियों से जुड़े रिश्वतखोरी मामले में जारी जांच से जुड़ा है। सीबीआई ने कथित रिश्वतखोरी मामले में इस महीने की शुरूआत में मुखर्जी और दो ठेकेदारों संतोष महाराणा व देबदत्त महापात्रा को भुवनेश्वर में एक होटल के पास से गिरफ्तार किया था। इस बीच, ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा कि राज्य सरकार को आईएएस अधिकारी को सीबीआई द्वारा समन भेजे जाने की जानकारी है। कानून मंत्री ने कहा, “राज्य सरकार भ्रष्टाचार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने की नीति का अनुसरण करती है। अगर किसी संबंध का पता चला, तो अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
DEC 14, 2024 12:59 IST

केरल के मुख्यमंत्री पर टीका-टिप्पणी करने वाला व्यक्ति मानसिक बीमारी से पीड़ित है: पुलिस

केरल के तिरुवनंतपुरम में एक दिन पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफके 2024) के आयोजन स्थल के बाहर केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर टीका टिप्पणी करने वाला 28 वर्षीय व्यक्ति मानसिक बीमारी से पीड़ित है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। म्यूजियम पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि वह व्यक्ति पेशे से वकील था और अपनी मानसिक बीमारी का उपचार करा रहा है, इसलिए उसे गिरफ्तार नहीं किया गया और न ही उसके खिलाफ कोई मामला दर्ज किया गया। अधिकारी ने कहा, "हमने उसे शुक्रवार रात को ही उसकी मां और अन्य परिवार के सदस्यों के साथ घर भेज दिया, जो थाने में आ गए थे।" शुक्रवार को पुलिस ने कहा था कि उस व्यक्ति के पास पुराना आईएफएफके पास था और वह नियमित रूप से इस कार्यक्रम में भाग लेता था। टीवी चैनल पर दिखाए गए दृश्यों के अनुसार जब मुख्यमंत्री अपनी कार से उतरकर आईएफएफके स्थल की ओर जा रहे थे, तो उस व्यक्ति ने विजयन पर टीका टिप्पणी की। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया और कार्यक्रम स्थल से दूर ले जाया गया।
DEC 14, 2024 12:59 IST

जेद्दा जा रही इंडिगो की उड़ान को आपात स्थिति में कराची में उतारा गया

सऊदी अरब के जेद्दा जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान को विमान में आपातकालीन स्वास्थ्य स्थिति के कारण पाकिस्तान के कराची में जिन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारना पड़ा। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीसीए) के सूत्रों के अनुसार शनिवार को नयी दिल्ली से रवाना हुआ विमान जब पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में था तब एक पुरुष यात्री गंभीर रूप से बीमार हो गया। जियो न्यूज की खबर के अनुसार बीमार हुए भारतीय यात्री की आयु 55 वर्ष है। सूत्र ने कहा, “विमान के पायलट ने ऑक्सीजन दिए जाने पर भी यात्री की तबीयत ठीक नहीं होने के बाद कराची हवाई अड्डे पर हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) से संपर्क किया।” उन्होंने कहा, “हवाई यातायात नियंत्रण ने मानवीय आधार पर इंडिगो विमान को कराची में उतरने की अनुमति दे दी, जिसके बाद यात्री के आपातकालीन उपचार के लिए एक मेडिकल टीम विमान में पहुंची।” खबर में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि यात्री के उपचार के बाद विमान कराची से रवाना हुआ और जेद्दा जाने के बजाय नयी दिल्ली लौट गया।
DEC 14, 2024 12:28 IST

राजस्थान के कई इलाकों में कड़ाके की सर्दी, फतेहपुर में तापमान शून्य से नीचे

राजस्थान के कई इलाकों में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है और फतेहपुर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग के अनुसार बीते चौबीस घंटे में सबसे कम न्यूनतम तापमान सीकर के फतेहपुर में शून्य से 1.3 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। इसके अलावा करौली में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री, चुरू में 2.4 डिग्री, भीलवाड़ा में 2.6 डिग्री, सिरोही में 3.0 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 3.2 डिग्री, पिलानी में 4.0 डिग्री, जयपुर में 4.5 डिग्री व संगरिया में 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते चौबीस घंटे में राज्य में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। राज्य में कई इलाकों में शीत से अति शीत लहर दर्ज की गई और 'शीत दिवस' भी दर्ज किया गया। राज्य में सर्दी का दौर अभी जारी रहने का अनुमान है।
DEC 14, 2024 12:28 IST

तीसरे टेस्ट के पहले दिन बारिश के कारण आखिरी दो सत्र का खेल धुला

भारी बारिश के कारण भारत और आस्ट्रेलिया के बीच तीसरे क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन शनिवार को 15 ओवर से भी कम का खेल हो सका । पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर आस्ट्रेलिया ने 13 . 2 ओवर में बिना किसी नुकसान के 28 रन बना लिये थे । उस्मान ख्वाजा 19 और नाथन मैकस्वीनी चार रन बनाकर खेल रहे हैं ।
DEC 14, 2024 12:27 IST

महाराष्ट्र : ट्रेलर ट्रक से भारी मशीन गिरने से मोटरसाइकिल सवार घायल

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के पूर्वी उप नगर में शनिवार तड़के एक ट्रेलर ट्रक पर ले जाई जा रही भारी मशीन के एक मोटरसाइकिल सवार पर गिरने से वह घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने विक्रोली में पूर्वी एक्सप्रेस राजमार्ग पर सुबह करीब साढ़े चार बजे हुई दुर्घटना के लिए ट्रेलर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित विपुल पांचाल (44) अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर कांदिवली की ओर जा रहा था, तभी पास के ट्रेलर ट्रक के चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन पर ले जाई जा रही एक भारी मशीन पांचाल पर गिर गई। अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों ने घायल व्यक्ति को निकटवर्ती अस्पताल पहुंचाया। विक्रोली पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक सूर्यकांत नाइकवाड़ी ने बताया, ‘‘दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। हमने ट्रेलर ट्रक चालक को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) अधिनियम के तहत लापरवाही से वाहन चलाने और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है।’’
DEC 14, 2024 12:26 IST

ईडी ने भूषण स्टील बैंक 'धोखाधड़ी' मामले में 4,025 करोड़ रुपये की संपत्ति वापस की

प्रवर्तन निदेशालय ने शनिवार को कहा कि उसने उच्चतम न्यायालय की मंजूरी मिलने के बाद पूर्ववर्ती भूषण स्टील एंड पावर लिमिटेड की 4,025 करोड़ रुपये की संपत्ति जेएसडब्ल्यू स्टील को वापस कर दी है। जेएसडब्ल्यू स्टील कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया (सीआईआरपी) के तहत दिवालिया हो चुकी कंपनी भूषण स्टील की संपत्तियों के लिए सफल समाधान आवेदक थी। इन संपत्तियों को पहले संघीय जांच एजेंसी ने भूषण स्टील एंड पावर और उसके प्रवर्तकों के खिलाफ एक जांच में कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी और धन की हेराफेरी करने के आरोपों पर धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत जब्त किया था। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कहा कि 4,025 करोड़ रुपये की संपत्ति की वापसी की गई। शीर्ष न्यायालय ने बुधवार को ईडी के इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
DEC 14, 2024 12:15 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने राज कपूर की 100वीं जयंती पर उन्हें दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रसिद्ध अभिनेता-फिल्म निर्माता राज कपूर को उनकी 100वीं जयंती पर शनिवार को श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें ‘‘सदाबहार शोमैन’’ बताया। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आज हम महान, दूरदर्शी फिल्मकार, अभिनेता और सदाबहार शोमैन राज कपूर की 100वीं जयंती मना रहे हैं! पीढ़ियों तक फैली उनकी प्रतिभा ने भारतीय और वैश्विक सिनेमा पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है।’’ प्रधानमंत्री ने हाल ही में कपूर परिवार के सदस्यों से मुलाकात की थी। आज ही के दिन 1924 में अविभाजित भारत में जन्में कपूर दिग्गज अभिनेता पृथ्वीराज कपूर के पुत्र थे । राज कपूर न केवल एक सफल अभिनेता थे बल्कि हिंदी फिल्म सिनेमा के महानतम फिल्मकारों में से एक थे।