स्पोर्ट्स

महिला जूनियर एशिया कप हॉकी: जापान को हराकर फाइनल में पहुंचा भारत, फाइनल में चीन से होगी खिताबी भिड़ंत

भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम ने जापान को सेमीफाइनल में तीन एक के अंतर से मात देकर विमेंस जूनियर एशिया कप 2024 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। फाइनल में जहां उसकी खिलाब के लिए चीन से भिड़ंत होगी।

Image

भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम (साभार Hockey India)

मस्कट: गत चैंपियन भारत ने शनिवार को जापान पर 3-1 की जीत के साथ अपना दबदबा कायम रखते हुए महिला जूनियर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया। मुमताज खान (चौथे), साक्षी राणा (पांचवें), दीपिका (13वें) ने पहले क्वार्टर में गोल किए जबकि जापान के लिए निको मारुयामा ने 23वें मिनट में सांत्वना गोल किया। ज्योति सिंह की अगुवाई वाली भारतीय टीम के लिए शुरुआती क्वार्टर में यह एकतरफा रहा जब सुनलिता टोप्पो ने खेल के दूसरे मिनट में खतरनाक गेंद को रोकने के लिए तेजी से दौड़कर जापान के ड्रैग-फ्लिक के मौके को विफल कर दिया।

पहले क्वार्टर में हासिल की 3-0 की बढ़त

भारत ने दो मिनट बाद गलती का फायदा उठाकर बढ़त बना ली। एक मिनट बाद साक्षी राणा ने एक और मैदानी गोल करके गत विजेता को 2-0 से आगे कर दिया। भारत ने ग्रुप मैच में चीन से मिली हार से सबक सीखा। पहले क्वार्टर में दो मिनट रहते भारत को एक पेनल्टी स्ट्रोक मिला जिसे दीपिका ने गोल में बदलकर स्कोर 3-0 कर दिया।

दूसरे क्वार्टर में खुला जापान का खाता

दूसरे क्वार्टर में जापान ने कुछ मौकों पर प्रतिद्वंद्वी सर्कल में घुसने की कोशिश की, लेकिन मजबूत डिफेंस के कारण उन्हें नाकाम कर दिया गया। जापान की खिलाड़ियों ने आखिरकार 23वें मिनट में पहला गोल किया जिससे अंतर कम हुआ और अंत तक यही स्कोर रहा। खिताबी मुकाबले में भारत का सामना चीन से होगा जिसने दूसरे सेमीफाइनल में पिछले चरण के उप विजेता दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article