कोलंबो: विराट कोहली को यूं ही बड़े मंच का बड़ा खिलाड़ी नहीं कहा जाता है। पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के सुपर फोर मुकाबले में विराट कोहली ने अपने बल्ले से धमाल मचाते हुए 84 गेंद में शानदार शतक जड़ दिया। इस पारी के दौरान विराट ने 98 रन के आंकड़े को पार करते हुए वनडे में 13 हजार रन पूरे कर लिए। वो इस मुकाम पर पहुंचने वाले दुनिया के पांचवें और सबसे तेज बल्लेबाज हैं।
267वीं पारी में पूरे किए 13 हजार रन
विराट ने 13 हजार रन 278 मैच की 267वीं पारी में पूरे किए और वनडे करियर का 47वां शतक पूरा किया। इस शतकीय पारी के दौरान विराट ने 6 चौके और 2 छक्के जड़े। विराट 122(94) रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और तीन छक्के जड़े। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 2 विकेट पर 356 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
तोड़ा सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड
विराट ने सबसे तेज गति से 13 हजार रन पूरे करने के मामले में सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सचिन को इस मुकाम पर पहुंचने के लिए 321 पारियां खेलनी पड़ी थी। वहीं रिकी पॉन्टिंग को 13 हजार रन पूरे करने के लिए 341, कुमार संगकारा ने 363 और सनथ जयासूर्या ने 416 पारी खेलनी पड़ी थीं।
जड़ा वनडे करियर का 47वां शतक
विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ वनडे करियर का 47वां और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 77वां शतक पूरा किया। विराट सचिन तेंदुलकर के वनडे में सबसे ज्यादा 49 शतकों के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी से महज 2 कदम दूर हैं। पाकिस्तान के खिलाफ विराट ने अपने वनडे करियर का तीसरा शतक 84 गेंद में पूरा किया।
कोलंबो बना विराट का फेवरेट मैदान
विराट के बल्ले से कोलंबो में निकला यह लगातार चौथा शतक है। इसके अलावा उन्होंने बांग्लादेश के मीरपुर में भी वनडे में भी चार शतक जड़े हैं। उनके बल्ले से विंडीज के त्रिनिदाद और भारत के विशाखापट्टन में 3-3 शतक निकले हैं। विराट ने किसी भी मैदान में लगातार चार मैच में शतक नहीं जड़े हैं। इसलिए कोलंबो रिकॉर्ड बुक्स में उनके सबसे फेवरेट मैदान के रूप में दर्ज हो गया है।
