गाजियाबाद

मेरठ एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में इनामी बदमाश सोनू मटका ढेर, दिल्ली डबल मर्डर केस में था वांटेड

Meerut Encounter: दिल्ली डबल मर्डर केस में वांटेड बदमाश सोनू मटका को मेरठ एसटीएफ टीम और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुठभेड़ में मार गिराया है। आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम था। आरोपी पर हत्या और डकैती के कई मामले दर्ज थे।

Image

इनामी बदमाश सोनू मटका मुठभेड़ में ढेर

Meerut Encounter: मेरठ से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां मेरठ एसटीएफ और दिल्ली स्पेशल सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए डबल मर्डर में वांटेड अनिल उर्फ सोनू मटका को मुठभेड़ में मार गिराया है। अधिकारी ने बताया कि शनिवार तड़के सुबह एसटीएफ टीम की सोनू के साथ मुठभेड़ हो गई। इसमें दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल भी शामिल थी। गोलीबारी के दौरान एक गोली सोनू को लग गई। पुलिस घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। बता दें कि सोनू मटका पर 50 हजार रुपये का इनाम था।

दिल्ली में डबल मर्डर की वारदात को दिया था अंजाम

सोनू मटका ने दिवाली के दिन दिल्ली के शाहदरा में रहने वाले एक कारोबारी परिवार के चाचा और भतीजे की हत्या की थी। वारदात के बाद से आरोपी फरार था और दिल्ली पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। लंबे समय की तलाश के बाद शुक्रवार रात उसकी लोकेशन मेरठ में मिली। उसकी लोकेशन के आधार पर दिल्ली स्पेशल सेल ने मेरठ एसटीएफ के साथ मिलकर ये ऑपरेशन प्लान किया। सोनू मटका के पास से STF को एक पिस्टल 30 बोर, एक पिस्टल 32 बोर, 10 जिंदा कारतूस, बाइक बरामद हुई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोनू हाशिम बाबा गैंग का शूटर था। उस पर करीब 12 हत्या और डकैती के मुकदमे दिल्ली और यूपी में दर्ज थे। सोनू पर पुलिस ने 50 हजार का इनाम भी रखा था।

नाम बदलकर रह रहा था आरोपी

दिल्ली पुलिस 29 नवंबर को सोनू की तलाश में मेरठ पहुंची थी। पता चला था कि वह अपेक्स सिटी में दीपक जाट के नाम से रह रहा था। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले वह फरार हो गया था। एसटीएफ मेरठ के एसपी बृजेश सिंह ने बताया कि दिल्ली का कुख्यात गैंगेस्टर सोनू मटका था। दिल्ली की स्पेशल टीम इसके पीछे पड़ी थी। एक सूचना पर दिल्ली की स्पेशल टीम ने मेरठ एसटीएफ से संपर्क किया। शनिवार सुबह पौने 8 बजे मुठभेड़ हुई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article