सेल्फी लेने को लेकर हुए विवाद के बाद भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ के साथ कथित रूप से बुरा बर्ताव करने और उनकी कार पर हमला करने को लेकर सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर सपना गिल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मुंबई की एक अदालत ने सपना गिल को शुक्रवार को 20 फरवरी तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में कुल सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था।
होटल के बाहर जब शॉ से हुई थी झड़प
बुधवार सुबह उपनगरीय क्षेत्र सांताक्रूज के एक शानदार होटल के बाहर जब शॉ ने गिल और उसके पुरुष मित्र के साथ सेल्फी लेने से इनकार कर दिया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि नौबत हाथापाई तक आ पहुंची। इसके बाद शॉ के दोस्त की कार पर हमला किया गया।
बृहस्पतिवार शाम को सपना गिल को गिरफ्तार कर लिया गया था और उसके दोस्त शोभित ठाकुर व छह अन्य के खिलाफ दंगा करने और जबरन वसूली करने को लेकर छह मामले दर्ज किए गए थे।
शिकायत के अनुसार ठाकुर और गिल होटल में शेल्फी लेने के लिए शॉ के पास पहुंचे थे। शुरू में शॉ मान गए थे लेकिन जब सपना गिल और ठाकुर दोबारा सेल्फी लेने का दबाव डालने लगे तब शॉ ने इनकार कर दिया। फिर सपना और ठाकुर शॉ के साथ बहस और दुर्व्यवहार करने लगे। शिकायत में यह भी कहा गया है कि सपना और ठाकुर उस वक्त नशे में थे।
