क्रिकेट

मुंबई ने किया सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए टीम का ऐलान, ये खिलाड़ी संभालेगा कमान

  • Agency by: Agency
  • Updated Sep 29, 2022, 11:53 PM IST

मुंबई क्रिकेट संघ ने अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में 11 अक्टूबर से शुरू हो रही सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। अजिंक्य रहाणे टीम की कमान संभालेंगे।

Image

मुंबई ने किया सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए टीम का ऐलान, ये खिलाड़ी संभालेगा कमान

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने गुरुवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया। टी20 फॉर्मेट में खेले जाने वाले घरेलू टीमों के इस टूर्नामेंट में लीग दौर के लिए टीम की कमान अजिंक्य रहाणे के हाथों में होगी। सलिल अंकोला की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने इसका ऐलान किया।

रहाणे की कप्तानी में पश्चिम क्षेत्र ने जीता दलीप ट्रॉफी

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का आगाज 11 अक्टूबर से होने जा रहा है। कोरोना संकट के संभवत: खत्म होने के बाद पहली बार चयनकर्ताओं ने आम तौर पर चुनी जाने वाली 15 सदस्यीय टीम का चयन किया। रहाणे की कप्तानी में इसी सप्ताह पश्चिम क्षेत्र ने दलीप ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया। जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण टीम इंडिया के पूर्व टेस्ट कप्तान रहाणे दिलीप टॉफी के नॉकआउट मुकाबलों में नहीं खेल पाए थे। मुंबई की टीम ने फाइनल तक का सफर पृथ्वी शॉ की कप्तानी में तय किया था।

युवाओं को रहाणे से सीखने का मिलेगा मौका

सलिल अंकोला ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए कहा, अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में पश्चिम क्षेत्र दलीप ट्रॉफी खिताब अपने नाम करने में सफल रहा। हमें यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि रहाणे ने 82 टेस्ट खेले हैं और इस दौरान टीम इंडिया की कमान भी संभाली है। पृथ्वी शॉ सहित टीम के युवा खिलाड़ियों को उनसे बहुत कुछ सीखेंगे। उन सबको संभालने के लिए आपको एक परिपक्व व्यक्ति की जरूरत है। पिछले सीजन वो अधिकांश समय बाहर रहे थे। लेकिन इस बार पूरे सीजन के लिए वो उपलब्ध हैं यह हमारे लिए फायदे की बात है।

शार्दुल भी पूरे टूर्नामेंट के लिए रहेंगे उपलब्ध

मुंबई के लिए एक और अच्छी बात यह है कि तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर पूरे टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध हैं। हालांकि उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है लेकिन वो सीरीज भी 11 अक्टूबर को समाप्त हो जाएगी। उसी दिन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का आगाज होगा। उस दिन मुंबई की टीम अपने अभियान की शुरुआत मिजोरम के खिलाफ करेगी।

गुजरात और राजस्थान के खिलाफ खेलेगी अभ्यास मैच

मुंबई को ग्रुप ए में राजस्थान, मध्यप्रदेश, असम, रेलवे, उत्तराखंड, विदर्भ और मिजोरम के साथ जगह मिली है। 2 अक्टूबर को टीम अहमदाबाद के लिए रवाना होगी और वहां गुजरात और राजस्थान के खिलाफ तीन अभ्यास मैच खेलेगी। इसके बाद टीम टूर्नामेंट के लिए राजकोट चली जाएगी। वहीं पर टूर्नामेंट के मैच खेले जाएंगे।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए मुंबई की टीम:

अजिंक्य रहाणे(कप्तान), यशस्वी जायसवाल, पृथ्वी शॉ, सरफराज खान, शार्दुल ठाकुर, शम्स मुलानी, तनुश कोटिआन, हार्दिक तामोर(विकेटकीपर), प्रशांत सोलंकी, धवल कुलकर्णी, तुषार देशपांडे, शिवम दुबे, अमन खान, सिराज पाटिल, मोहित अवस्थी।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article