क्रिकेट

सूर्यकुमार यादव ने अपने मोबाइल पर दिखाई संजू सैमसन की फोटो, देखिए दर्शकों का मजेदार रिएक्‍शन

  • Agency by: Agency
  • Updated Sep 27, 2022, 01:54 PM IST

Suryakumar Yadav shows Sanju Samson's photo: भारतीय टीम के मिडिल ऑर्डर के स्‍टार बल्‍लेबाज सूर्यकुमार यादव ने तिरुवनंतपुरम में पहुंचने पर बस में बैठे अपने फोन से संजू सैमसन का फोटो दिखाया। सूर्या ने फोटो की तरफ ऊंगली करके थंब्‍स अप किया। संजू सैमसन की यहां फैन फॉलोइंग जबर्दस्‍त है।

Image

सूर्यकुमार यादव ने संजू सैमसन की फोटो दिखाई (फोटो साभार- ट्विटर)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारतीय टीम पहले टी20 के लिए तिरुवनंतपुरम पहुंची
  • दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम पहला टी20 यहां खेलेगी
  • सूर्यकुमार यादव ने संजू सैमसन का फोटो दिखाकर फैंस का जोश बढ़ाया

तिरुवनंतपुरम: भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले के लिए सोमवार को तिरुवनंतपुरम पहुंची। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टी20 इंटरनेशनल मैच बुधवार को खेला जाएगा। रोहित शर्मा के नेतृत्‍व वाली भारतीय टीम का तिरुवनंतपुरम में भव्‍य स्‍वागत हुआ। बड़ी संख्‍या में फैंस भारतीय टीम की बस के पास पहुंचे।

मजेदार बात यह रही कि यहां सबसे ज्‍यादा नारे संजू सैमसन के लग रहे थे, जो कि इस टीम का हिस्‍सा भी नहीं हैं। दरअसल, संजू सैमसन स्‍थानीय हीरो हैं और केरल के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। संजू सैमसन को ऑस्‍ट्रेलिया में अगले महीने होने वाले टी20 वर्ल्‍ड कप के लिए 15 सदस्‍यीय भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया है। हालांकि, फैंस इससे बेपरवाह अपने चहेते क्रिकेटर के नाम के नारे टीम बस के बाहर लगाने लगे।

इस दौरान एक मजेदार घटना देखने को मिली, जिसने सोशल मीडिया पर कई लोगों का ध्‍यान अपनी ओर आकर्षित किया। संजू सैमसन के नारों के बीच भारतीय टीम के स्‍टार बल्‍लेबाज सूर्यकुमार यादव ने अपना फोन बाहर निकाला और संजू सैमसन की फोटो दिखाई। सूर्या ने फोटो की तरफ अपनी ऊंगली दिखाई और थंब्‍स-अप दिखाया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।

संजू सैमसन दुर्भाग्‍यशाली रहे कि टी20 वर्ल्‍ड कप स्‍क्‍वाड में जगह नहीं बना सके। उन्‍हें टूर्नामेंट के लिए रिजर्व खिलाड़‍ियों में भी जगह नहीं मिली है। इस साल आईपीएल में राजस्‍थान रॉयल्‍स के कप्‍तान के रूप में संजू सैमसन ने शानदार प्रदर्शन किया है। 27 साल के सैमसन के नेतृत्‍व वाली राजस्‍थान रॉयल्‍स को आईपीएल 2022 के फाइनल में गुजरात टाइटंस से शिकस्‍त मिली थी।

बता दें कि संजू सैमसन इस समय न्‍यूजीलैंड ए के खिलाफ तीन अनाधिकारिक वनडे मैचों की सीरीज में भारत ए की कप्‍तानी कर रहे हैं। भारत ने शुरूआती दो मैच जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल की है।

अभिषेक निगम
अभिषेक निगमauthor

अभिषेक निगम टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल में खेल सेक्शन से जुड़े हैं। अभिषेक को मैच का विश्लेषण करना बेहद पसंद हैं। इसके अलावा इन्हें खेल की बारीकियों पर ध्यान देने या फिर उन्हें सीखने में बड़ा आनंद आता है। पत्रकारिता में 6 साल से ज्यादा का अनुभव रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article