देश

Nikki Yadav case: निक्की मर्डर केस में बड़ा खुलासा, पहले भी हत्या के मामले में गिरफ्तार हो चुका है साहिल का पिता!

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Feb 20, 2023, 01:08 PM IST

सूत्रों ने कहा कि पुलिस सबूत इकट्ठा करने के लिए गिरफ्तार वीरेंद्र को साहिल के साथ ढाबे पर ले गई जहां निक्की के शव को फ्रिज में रखा गया था। पुलिस ने अपराध स्थल पर वारदात का रिक्रिएशन भी किया।

Image

निक्की मर्डर केस में बड़ा खुलासा

Photo : BCCL

निक्की यादव हत्याकांड में रोजाना नए-नए खुलासे हो रहे हैं। इस मामले में एक और सनसनीखेज खुलासा करते हुए दिल्ली पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि आरोपी साहिल गहलोत के पिता वीरेंद्र को पहले हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। सूत्रों ने कहा कि पुलिस सबूत इकट्ठा करने के लिए गिरफ्तार वीरेंद्र को साहिल के साथ ढाबे पर ले गई जहां निक्की के शव को फ्रिज में रखा गया था। पुलिस ने अपराध स्थल पर घटनाक्रम का रिक्रिएशन भी किया। आज पुलिस साहिल गहलोत और एक अन्य आरोपी नवीन को मेडिकल के लिए अस्पताल लेकर पहुंची।

निक्की ने अपने घरवालों को भी शादी का न्योता दिया

पुलिस ने 17 फरवरी को साहिल के पिता वीरेंद्र, दो चचेरे भाई आशीष और नवीन और दो दोस्तों अमर और लोकेश को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया था। पुलिस के मुताबिक, तीन साल पहले साहिल और निक्की की शादी एक मंदिर में हुई थी और निक्की ने अपने घरवालों को शादी का न्योता दिया था। हालांकि, घरवालों ने शादी में शामिल होने से इनकार कर दिया था। अलग-अलग जाति होने के कारण निक्की के घरवालों को यह शादी मंजूर नहीं थी।

इस बीच, पुलिस को साहिल के पिता, चचेरे भाई और दो दोस्तों के भी शामिल का पता चला और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की। सूत्रों ने कहा कि पूछताछ के दौरान इनके जवाब साहिल के बयान से अलग मिले। इसी वजह से गिरफ्तारी के अगले ही दिन पुलिस उन्हें मित्रों गांव के ढाबे पर ले गई, जहां साहिल ने निक्की की लाश को फ्रिज में रखा था। पुलिस के मुताबिक, साहिल के दोस्तों ने बताया था कि निक्की और साहिल काफी समय से शादी करना चाहते थे और उन्होंने आखिरकार साल 2020 में ग्रेटर नोएडा में रहते हुए शादी कर ली थी।

आरोपियों के फोन लॉग और डेटा की हो रही जांच

सूत्रों ने कहा, इसीलिए पुलिस आरोपी साहिल को नोएडा स्थित उस घर में ले गई, जहां वे रहते थे। इस संबंध में पड़ोसियों से भी पूछताछ की गई। अब तक की पड़ताल में सामने आया है कि निक्की के घरवालों को उसकी शादी की जानकारी थी, हालांकि शुरुआत से ही वे इससे इनकार करते रहे। पुलिस ने इस संबंध में उसका बयान भी दर्ज किया है।

सूत्रों ने कहा कि पुलिस फिलहाल आरोपियों के फोन लॉग और डेटा की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि साजिश में कौन-कौन शामिल था और उन्होंने हत्या की योजना कैसे बनाई। द्वारका अदालत ने 15 फरवरी को साहिल गहलोत को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा को पांच दिन की रिमांड पर सौंपा था।

दूसरी शादी का खुलासा होने पर कर दी थी निक्की की हत्या

दूसरी महिला से शादी की बात का खुलासा होने पर साहिल ने निक्की की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। साहिल को क्राइम ब्रांच ने 14 फरवरी को गिरफ्तार किया था। साहिल की 9 फरवरी को सगाई हो रही थी। साहिल, निक्की से मिलने उसके फ्लैट पर गया और सुबह जल्दी निकल गया। वे दिल्ली में कई जगहों पर गए, इस दौरान उसकी शादी को लेकर दोनों में कहासुनी भी हुई। डीसीपी क्राइम ब्रांच ने बताया कि इस दौरान साहिल गुस्से में आ गया और उसने मोबाइल के केबल से निक्की का गला घोंट दिया। इसके बाद उसने निक्की के शव को मित्रों गांव के एक ढाबे में रेफ्रिजरेटर में रख दिया और फिर अपनी शादी में चला गया।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें