देश

'मोदी के हनुमान' को नीतीश कुमार ने NDA से बाहर करवाया था! नित्यानंद राय का चिराग पासवान को लेकर बड़ा दावा

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Aug 12, 2023, 09:07 PM IST

दरअसल साल 2020 में जब बिहार में विधानसभा चुनाव होना था तब चिराग एनडीए से बाहर हो गए थे। इसे लेकर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने शनिवार को खुलासा किया कि नीतीश कुमार ने चिराग पासवान को एनडीए से बाहर करवाया।

Image

पीएम मोदी के साथ चिराग पासवान (फोटो- ichiragpaswan)

रामविलास पासवान के बेटे और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास पासवान) के नेता चिराग पासवान को लेकर बड़ा खुलासा है। बिहार भाजपा के बड़े नेता और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने दावा किया है कि नीतीश कुमार के कारण चिराग पासवान को एनडीए से बाहर होना पड़ा था। भाजपा कभी नहीं चाहती थी कि चिराग पासवान एनडीए से बाहर जाएं।

'भाजपा ने नहीं छोड़ा नीतीश का साथ'

दरअसल साल 2020 में जब बिहार में विधानसभा चुनाव होना था तब चिराग एनडीए से बाहर हो गए थे। उस चुनाव में चिराग पासवान को खुद को पीएम मोदी का हनुमान बताते रहे थे। इसे लेकर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने शनिवार को खुलासा किया कि नीतीश कुमार ने चिराग पासवान को एनडीए से बाहर करवाया। राय ने पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा ने नीतीश कुमार को कभी नहीं छोड़ा।

बताया नीतीश का अहंकार

जदयू के कम सीट लाने के लिए भाजपा द्वारा 'एजेंट' खड़ा करने के नीतीश के बयान पर राय ने पलटवार करते हुए कहा कि जब उनकी सीट कम आई तो भाजपा ने उन्हें ही मुख्यमंत्री बनाया। उन्होंने कहा कि चिराग को एनडीए गठबंधन से बाहर कराने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही थे। हम लोग कभी नहीं चाहते थे कि चिराग पासवान एनडीए गठबंधन से बाहर जाएं। उनके घमंड और अहंकार के कारण चिराग की पार्टी अकेले चुनाव लड़ी।

'जनता को सब पता'

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री राय ने कहा कि नीतीश कुमार सपना देखने में माहिर हैं। जब वह भाजपा को छोड़कर राष्ट्रीय जनता दल के साथ गए थे, लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव ने उन्हें प्रधानमंत्री बनने का सपना दिखाया था। उस सपना का क्या हुआ यह देश की जनता भी जानती है। भाजपा नेता ने कहा कि जनता अब नीतीश के कुर्सी लोभ को जान चुकी है। समय आ गया है, जनता इन्हें सबक सिखाएगी। उनकी पार्टी का सफाया तय है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article