sacchin shrof to tie the knot on february 25: प्रोफेशनल लाइफ के बाद अब सचिन श्रॉफ की पर्सनल लाइफ में भी चीजें ट्रैक पर आ रही हैं। टीवी अभिनेता सचिन श्रॉफ फिलहाल टीवी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा में तारक मेहता का किरदार निभा रहे हैं। इस शो में आने के बाद से सचिन श्रॉफ को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। कम वक्त में उन्होंने दर्शकों के बीच खास पहुंच बना ली है। अब सचिन श्रॉफ एकबार फिर से प्यार और शादी को दूसरा मौका देने के लिए तैयार हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक तारक मेहता के एक्टर सचिन श्रॉफ दूसरी शादी के लिए तैयार हैं। 25 फरवरी को सचिन श्रॉफ मुंबई में एक फैमिली फ्रेंड के साथ शादी के बंधन में बंध रहे हैं।
अरेंज मैरिज कर रहे सचिन श्रॉफ
शादी में शामिल होने को लेकर उत्साहित एक मेहमान ने बताया, 'लड़की की पहचान को बेहद गोपनीय रखा गया है। परिवार थोड़ा अंधविश्वासी है और चाहता है कि सब कुछ शांति से हो। यह एक अरेंज्ड मैरिज है।' सूत्र ने बताया, 'होने वाली दुल्हन इंडस्ट्री से नहीं है। वह एक पार्ट टाइम इवेंट मैनेजर और इंटीरियर डिजाइनर हैं। वह कई सालों तक सचिन की बहन की दोस्त रही हैं। हालांकि, पिछले महीने ही उसके परिवार ने सुझाव दिया था कि वह उसके साथ घर बसाने पर विचार करे। यह एक उस तरह का रिश्ता नहीं है जिसमें कपल पहले प्यार में पड़ जाते हैं। सचिन ने अपने परिवार के सुझाव पर गंभीरता से विचार किया। सब कुछ ठीक हो गया है और वे जल्द ही शादी कर रहे हैं।'
जूही परमार से की थी पहली शादी
अभिनेता सचिन श्रॉफ की पहली शादी जूही परमार से हुई थी। हालांकि, शादी के नौ साल बाद जनवरी 2018 में दोनों अलग हो गए। उनकी 10 साल की बेटी समायरा भी है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो सचिन टीवी, ओटीटी और फिल्मों सभी प्लेटफॉर्म कर काम करते रहे हैं। वह प्रकाश झा के आश्रम का हिस्सा रहे हैं और उन्हें डबल एक्सएल में भी देखा गया था, जिसमें सोनाक्षी सिन्हा और हुमा कुरैशी ने अभिनय किया था। बाद में तारक मेहता का उल्टा चश्मा में शैलेश लोढ़ा को रिप्लेस किया था।
