क्रिकेट

IND vs ENG: जुरेल ने दिखाई क्लास, अश्विन-कुलदीप ने गेंद से मचाया धमाल, भारत ने ऐसे जीता टेस्ट

India vs England 4th Test Highlights: भारतीय क्रिकेट टीम ने अपनी सरजमींं पर टेस्ट सीरीज जीतने का सिलसिला जारी रखा है। टीम ने इंग्लैंड को रांची टेस्ट में 5 विकेट से मात दे दी है।

Image

भारत vs इंग्लैंड

Photo : AP

India vs England 4th Test Highlights: भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया चौथे टेस्ट मैच अब समाप्त हो गया है। रांची में खेले गए मैच में टीम इंडिया ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट से जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज पर भी 3-1 से कब्जा जमा लिया है। भारत की ये घर पर लगातार 17वीं जीत है।

मैच में टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। इंग्लैंड ने तेजी से शुरुआत की लेकिन लगातार विकेट गंवाते गए जिसके चलते वे 22 ओवर तक ही 4 विकेट खो चुके थे। हालांकि टीम के दिग्गज खिलाड़ी जो रूट ने शानदार पारी खेली और 122 रन बनाए। उनकी पारी के चलते इंग्लैंड ने पहली पारी में 10 विकेट के नुकसान पर 353 रन बनाए।

भारत के लिए ध्रुव जुरेल ने खेली शानदार पारी

मैच में अपनी पहली पारी में बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की तरफ से यशस्वी जायसवाल ने शानदार पारी खेली लेकिन उनका साथ कोई नहीं दे पा रहा था। टीम लगातार विकेट गंवाती जा रही थी। ऐसे में युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने मोर्चा संभाला और 90 रनों की पारी खेली। जुरेल का कुलदीप यादव ने भी शानदार साथ दिया। कुलदीप ने 28 रन बनाए। इसके चलते भारत का स्कोर 307 रनों तक पहुंचा हालांकि वे 49 रनों से पीछे रह गए।

अश्विन कुलदीप ने किया कमाल

इंग्लैंड की दूसरी पारी काफी छोटी रही। टीम केवल 145 रनों पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड की तरफ से केवल जैक क्रॉली ही टिक पाए और उन्होंने 40 रनों की पारी खेली। वहीं भारत की तरफ से स्पिनर्स का जलवा रहा। अश्विन ने 5 विकेट झटके और कुलदीप यादव ने भी उनका भरपूर साथ निभाया। इसके चलते भारत को मैच में जीत के लिए 192 रनों का लक्ष्य मिला।

जुरेल-गिल ने जिताया मैच

192 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को यशस्वी और कप्तान रोहित ने शानदार शुरुआत दिलाई। चौथे दिन की शुरुआत में यशस्वी आउट हो गए लेकिन रोहित ने पारी को संभाला और अर्धशतक पूरा किया। लंच तक भारत को जीत के लिए 74 रनों की दरकार थी। हालांकि इंग्लैंड ने लगातार दो विकेट झटककर मैच रोमांचक कर दिया। इसके बाद शुभमन गिल और ध्रुव जुरेल ने शानदार साझेदारी की और धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए मैच भारत के नाम कर दिया।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article