Top News Today, 15 April 2023: एनकाउंटर में ढेर हुए उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी असद अहमद को आज सुपुर्द-ए- खाक कर दिया गया। उसके जनाजे में न तो उसकी मां शामिल हो सकी और न ही उसका पिता अतीक अहमद। असद को एक बार देखने के लिए माफिया बाप हवालात में गिड़गिड़ाता रहा लेकिन इजाजत नहीं मिली। गुजरात में बीजेपी ने फिर आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका दिया। सूरत के 6 और पार्षद बीजेपी में शामिल हो गए। दिल्ली शराब घोटाले में सीबीआई की पूछताछ से एक दिन पहले अरविंद केजरीवाल ने मोदी सरकार और बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल भ्रष्ट हैं तो इस दुनिया में कोई ईमानदार नहीं है। उधर जापान पीएम पर बम से हमला हुआ। पढ़िए, आज के अहम समाचार:-
अतीक अहमद के तीसरे बेटे असद अहमद को प्रयागराज के कसारी मसारी कब्रिस्तान में दफना दिया गया। बीती रात उसके शव को दूसरे शूटर गुलाम के साथ लाया गया और औपचारिकता के बाद परिवार को सौंप दिया। अतीक अहमद ने पहले अपने बेटे की मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताया।
उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी असद अहमद को एक मुठभेड़ मे ढेर कर दिया गया था। उसे आज सुपूर्द ए खाक कर दिया गया। उधर इलाहाबाद के धूमनगंज थाने के लॉकअप में बंद माफिया अतीक अहमद अपने बेटे को आखिरी बार देखने के लिए गिड़गिड़ाया रह गया।
बेटे असद के एनकाउंटर के बाद माफिया अतीक अहमद पूरी तरह से टूट चुका है, उमेश पाल मर्डर केस के मुख्य आरोपी असद की मौत ने माफिया डॉन को अंदर से तोड़ डाला है वो कह रहा है कि ये सब उसकी वजह से हुआ, बताते हैं उसने उमेश मर्डर से जुड़ी अहम बातें भी बताई हैं।
सूडान की आरएसएफ फोर्स ने कहा कि उसके बलों ने खार्तूम हवाईअड्डे पर नियंत्रण कर लिया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ हवाई जहाजों को जलते हुए भी देखा जा सकता है। तख्तापलट की इस कोशिश में सेना और अर्द्धसैनिक बलों की बीच भयंकर लड़ाई जारी है।
जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा पर एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान स्मॉग बम से हमला किया गया। वे बाल-बाल बच गए। उन्हें सुरक्षित बचाकर निकाल लिया गया। स्थानीय मीडिया के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
यूपी के शाहजहांपुर में तिलहर के बिरसिंहपुर गांव में एक ट्रैक्टर ट्रॉली के पुल से गिरकर गर्रा नदी में गिर जाने से एक दर्जन से अधिक लोगों के मरने की आशंका है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। सूत्रों के मुताबिक 20 लोगों की मौत हो गई है।
दिल्ली शराब घोटाले मामले में CBI ने रविवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पूछताछ के लिए बुलाया है। उससे ठीक एक दिन पहले उन्होंने कहा कि मैं निश्चित रूप से जाऊंगा। अगर अरविंद केजरीवाल भ्रष्ट हैं तो इस दुनिया में कोई ईमानदार नहीं है।
फरवरी 2021 में सूरत नगर निगम चुनाव में, AAP ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया था और 120 सदस्यीय निकाय में 27 सीटें जीतकर विपक्षी पार्टी के रूप में उभरी थी। बीजेपी ने 93 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस खाता खोलने में नाकाम रही थी। हालांकि बाद में आप के कई पार्षद बीजेपी में शामिल हो गए थे।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की है। इस सूची की खास बात यह है कि कोलार से सिद्धारमैया को टिकट नहीं मिला है।
राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ बगावत पर उतरे सचिन पायलट पर कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पशोपेश में है। पायलट को मनाने की कोशिश जारी है। उन्हें केंद्र में बड़े पद का ऑफर दिया जा रहा है लेकिन वह राजस्थान छोड़ने को तैयार नहीं हैं।
आईएमएफ और वर्ल्ड बैंक ने अनुमान जताया है कि साल 2023 में भारत की अर्थव्यवस्था सबसे तेज गति से बढ़ेगी। आईएमएफ की एक अहम मीटिंग हिस्सा लेते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था की रफ्तार कायम रहेगी।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मथुरा, बरेली, गाजियाबाद, आगरा, वाराणसी, अलीगढ़ और गाजियाबाद में प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है, आगरा से ललिता जाटव तो वहीं बरेली से संजीव सक्सेना को मेयर प्रत्याशी बनाया गया है वहीं वाराणसी से ओपी सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।
मोतिहारी में अब तक आठ लोगों संदिग्ध मौत हो चुकी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक इन मौतों के लिए जहरीली शराब जिम्मेदार है। बिहार पुलिस इस मामले में छापेमारी कर रही है।
