देश

Surat AAP Councillor: गुजरात में AAP को BJP ने फिर दिया बड़ा झटका, सूरत के 6 और पार्षद भाजपा में शामिल

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Apr 16, 2023, 02:16 AM IST

Surat AAP Councillor: फरवरी 2021 में सूरत नगर निगम चुनाव में, AAP ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया था और 120 सदस्यीय निकाय में 27 सीटें जीतकर विपक्षी पार्टी के रूप में उभरी थी। बीजेपी ने 93 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस खाता खोलने में नाकाम रही थी। हालांकि बाद में आप के कई पार्षद बीजेपी में शामिल हो गए थे।

Image

गुजरात में आप के 6 पार्षद बीजेपी में शामिल

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • गुजरात में टूट रही आम आदमी पार्टी
  • सूरत में फिर से आप पार्षद बीजेपी में शामिल
  • आप का दावा- टिकट नहीं मिलने से पार्षदों ने छोड़ी पार्टी

Surat AAP Councillor: गुजरात में आप को बीजेपी ने बड़ा झटका दिया है। सूरत निगम के आप के छह और पार्षद बीजेपी में शामिल हो गए हैं। इससे पहले भी छह पार्षद बीजेपी में शामिल हो गए थे।

पहले ही दे दिया था इस्तीफा

सूरत नगर निगम (SMC) के छह AAP पार्षदों ने पार्टी से पहले ही इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद शुक्रवार देर रात ये सभी सूरत के बीजेपी मुख्यालय श्री कमलम पहुंचे। जहां गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी और शिक्षा मंत्री प्रफुल पनसेरिया की उपस्थिति में सभी भाजपा में शामिल हो गए।

कौन-कौन हैं ये छह पार्षद

इन छह पार्षदों में अशोक धामी, किरण खोखनी, घनश्याम मकवाना, पटेल निराली, धर्मेंद्र वावलिया और अधिवक्ता स्वाति कायदा शामिल हैं। ये पार्षद आप में महत्वपूर्ण पदों पर थे और निगम सरकार की कई समितियों में शामिल थे।

इस्तीफा पत्र वायरल

बीजेपी में शामिल होने से पहले इन आप पार्षदों ने जो इस्तीफा भेजा था, वो भी काफी वायरल हुआ था। इन्होंने अपने इस्तीफे पत्रों में लिखा था कि उन्होंने आप को स्वेच्छा से छोड़ दिया है और किसी ने भी उन्हें लालच या दबाव नहीं डाला है।

आप क्या बोली

आप पार्टी में इस टूट के लिए सवालों के घेरे में भी है। आप हमेशा से कांग्रेस के खिलाफ इस मामले को लेकर हमला बोलती रही है कि कांग्रेस के नेता जीतने के बाद बीजेपी में शामिल हो जाते हैं, लेकिन अब उसके नेता भी उसी राह पर चल रहे हैं। वहीं इस मामले को लेकर आप ने कहा है कि दिसंबर में हुए चुनावों में टिकट नहीं दिए जाने के कारण इन पार्षदों ने पार्टी छोड़ दी।

सूरत में मिली थी अच्छी जीत

फरवरी 2021 में सूरत नगर निगम चुनाव में, AAP ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया था और 120 सदस्यीय निकाय में 27 सीटें जीतकर विपक्षी पार्टी के रूप में उभरी थी। बीजेपी ने 93 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस खाता खोलने में नाकाम रही थी। जिसके बाद फरवरी 2022 में आप के पांच पार्षद भाजपा में शामिल हुए थे। जिसमें से एक वापस आप में लौट आए थे। अब, छह और पार्षदों के सत्तारूढ़ दल में शामिल होने के साथ, AAP की ताकत घटकर 17 रह गई है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article