शहर

Mulayam Singh Yadav : तीन बार CM, पूर्व रक्षा मंत्री…मुलायम सिंह यादव को नेताओं ने यूं किया याद ; पुण्यतिथि पर क्या बोले योगी?

Mulayam Singh Yadav 4th Death Anniversary : समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की आज चौथी पुण्यतिथि मनाई जा रही है। सैफई में परिवार की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ा कार्यक्रम रखा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई शीर्ष नेताओं ने श्रद्धांजलि दी है।

Image

मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि (फोटो-AI)

Mulayam Singh Yadav 4th Death Anniversary : समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि शनिवार को मनाई जा रही है। मुलायम को उनके कार्यकाल के दौरान घटित कई घटनाक्रमों से जाना जाता है। वे तीन बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। उन्हें अयोध्या में कार सेवकों पर गोली चलवाने के आदेश को लेकर अक्सर याद किया जाता है। उन्होंने 30 अक्टूबर एवं दो नवंबर 1990 को विवादित ढांचे को गिराने पहुंचे कार सेवकों पर गोलियां चलाने आदेश दिया। उनका तर्क था कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ये फैसला लिया गया था। एक सार्वजनिक कार्यक्रम में उनका कहना था कि यह निर्णय देश के मुस्लिम अल्पसंख्यकों में सुरक्षा की भावना और भरोसा बनाए रखने के लिए जरूरी था। हालांकि, उन्होंने इस घटना पर खेद भी जताया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कारसेवकों के विवादित ढांचे के करीब पहुंचने के बाद मुलायम सिंह यादव ने गोलियां चलाने का निर्देश दिया। सुरक्षाबलों की कार्रवाई में 16 कारसेवकों की मौत हो गई, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए। बाद में मुलायम सिंह यादव ने स्वीकार किया कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 28 लोग मारे गए थे। इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी आज भी समाजवादी पार्टी को घेरती है।

कब-कब मुख्यमंत्री बने मुलायम सिंह यादव

प्रथम कार्यकाल: 5 दिसंबर 1989 से 24 जून 1991

मुलायम सिंह यादव पहली बार 5 दिसंबर 1989 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। वे जनता दल (भाजपा के बाहरी समर्थन से सरकार बनी थी)

द्वितीय कार्यकाल: 5 दिसंबर 1993 से 3 जून 1995

यादव दोबारा 5 दिसंबर 1993 को बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन करके और कांग्रेस के समर्थन से मुख्यमंत्री बने थे।

तृतीय कार्यकाल: 29 अगस्त 2003 से 13 मई 2007

तीसरी बार 29 अगस्त 2003 को मुलायम सिंह यादव भाजपा के बाहरी समर्थन और बसपा के पहले 13 और बाद में 41 विधायकों के पाला बदलकर साथ जुड़ने पर मुख्यमंत्री हुए। इस बार रालोद नेता अजीत सिंह समेत कई अन्य नेताओं का भी समर्थन रहा।

उत्तर प्रदेश के बड़े नेताओं में शुमार मुलायम सिंह यादव कभी पूर्ण बहुमत पाकर मुख्यमंत्री नहीं बन पाए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी श्रद्धांजलि

10 अक्टूबर को मुलायस सिंह यादव की पुण्यतिथी है। इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। योगी आदित्यनाथ ने ’एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि देश के पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और ’पद्म विभूषण’ से सम्मानित मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि।

दरअसल, आज से चार साल पहले 10 अक्टूबर को मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया था। वे बतौर मुख्यमंत्री तीन बार उत्तर प्रदेश की सत्ता संभाली। वे देश के रक्षा मंत्री भी रहे। उनके कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों को आज भी याद किया जा रहा है। उन्होंने तीन बार मुख्यमंत्री रहते आठ साल सत्ता चलाई, जबकि साल 1996 में केंद्र में बनी संयुक्त मोर्चा (United Front) की गठबंधन सरकार में दो साल तक यानी 1 जून 1996 से 1998 तक देश के रक्षा मंत्री रहे। 21 साल तक सांसद रहे और 25 साल विधायक रहे।

वहीं, समाजवादी पार्टी ने ’एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक, भारत के पूर्व रक्षा मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी की चौथी पुण्यतिथि पर सादर नमन एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि। नेताजी अमर रहें!

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने अपने संदेश में कहा, ’’उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और ’पद्म विभूषण’ से सम्मानित मुलायम सिंह यादव जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। जनहित के लिए उनका योगदान सदैव वंदनीय रहेगा।’’

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ’एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में हुआ था। उनका 82 वर्ष की आयु में 10 अक्टूबर 2022 को निधन हो गया था।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article