SP Mayoral candidate in UP Nagar Nikay Chunav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मथुरा, बरेली, गाजियाबाद, आगरा, वाराणसी, अलीगढ़ और गाजियाबाद में प्रत्याशियों के नामों (SP Mayoral candidate) की घोषणा कर दी है, आगरा से ललिता जाटव तो वहीं बरेली से संजीव सक्सेना को मेयर प्रत्याशी बनाया गया है वहीं वाराणसी से ओपी सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।
इसके अलावा मथुरा से तुलसीराम शर्मा को प्रत्याशी घोषित किया गया है , उधर अलीगढ़ से पूर्व विधायक जमीर उल्लाह खान मेयर का टिकट दिया गया है वहीं गाजियाबाद से नीलम गर्ग को प्रत्याशी बनाया गया है।
SP ने कानपुर के लिए महापौर पद के उम्मीदवार की घोषणा की
इससे पहले समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को महापौर की कानपुर सीट के प्रत्याशी की घोषणा की, जबकि झांसी सीट के उम्मीदवार को बदल दिया। पार्टी ने कानपुर नगर महापौर पद के लिए वंदना वाजपेयी को अपना उम्मीदवार बनाया है। वंदना कानपुर के सपा विधायक अमिताभ वाजपेयी की पत्नी हैं।सूची के अनुसार, झांसी में अब पूर्व विधायक सतीश जतारिया सपा के महापौर पद के प्रत्याशी होंगे। पार्टी ने पहले रघुवीर चौधरी को झांसी में महापौर पद के लिए अपना उम्मीदवार बनाया था।
लखनऊ महापौर पद के लिए वंदना मिश्रा उम्मीदवार
इससे पहले, बुधवार रात सपा ने लखनऊ महापौर पद के लिए वंदना मिश्रा को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। पार्टी ने गोरखपुर से काजल निषाद, प्रयागराज से अजय श्रीवास्तव, मेरठ से सीमा प्रधान, शाहजहांपुर से अर्चना वर्मा, फिरोजाबाद से मसरूर फातिमा और अयोध्या से आलोक पांडे को महापौर पद का प्रत्याशी बनाया था।
स्थानीय नगरीय निकायों के चुनाव दो चरण में होंगे
गौर हो कि उत्तर प्रदेश में स्थानीय नगरीय निकायों के चुनाव दो चरण में होंगे। पहले चरण में लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर सहित नौ मंडलों में चार मई को मतदान होगा। दूसरे चरण में मेरठ, अयोध्या, कानपुर मंडल सहित नौ मंडलों में 11 मई को वोट डाले जाएंगे, मतगणना 13 मई को होगी।
