देश

CJP Protest: CJP के कई नेता हिरासत में, अब जंतर-मंतर पर अजिंक्य शिंदे करेंगे आंदोलन का नेतृत्व

दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज CJP Protest का नेतृत्व अब अजिंक्य शिंदे करेंगे। इससे पहले अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका के हिरासत में लिया गया है। स्वयं अभिजीत दीपके ने एक वीडियो संदेश में यह जानकारी दी है।

Image

अब कौन करेगा CJP के प्रदर्शन का नेतृत्व, दीपके ने दिया जवाब

CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी ने आज यानी शनिवार 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक बड़े धरने-प्रदर्शन का आयोजन किया है। इस धरने में शामिल होने के लिए आ रहे CJP नेता अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने IGI एयरपोर्ट से ही हिरासत में ले लिया है। इसके बाद प्रश्न उठ रहे थे कि अब आंदोलन का नेतृत्व कौन करेगा। इस बीच अभिजीत दीपके का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह बता रहे हैं कि अब आंदोलन का नेतृत्व कौन करेगा।

अभिजीत दीपके ने अपने इस वीडियो संदेश में बताया कि सीजेपी ऑर्गेनाइजेशन के इंचार्ज अजिंक्य शिंदे अब जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का नेतृत्व करें। बता दें कि अभिजीत दीपके को अपने और अन्य CJP नेताओं के हिरासत में लिए जाने का अंदेशा पहले से ही था, इसलिए उन्होंने कल रात ही यह वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था।

कॉकरोच जनता पार्टी के मुखिया अभिजीत दीपके के साथ ही सौरभ दास और आशुतोष रांका को भी दिल्ली पुलिस ने IGI एयरपोर्ट पर प्लेन से ही हिरासत में ले लिया था। खबरों के मुताबिक तीनों को पुलिस ने एक साथ नहीं रखा है, बल्कि पुलिस अलग-अलग जगहों पर ले गई है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस गुरुग्राम की तरफ लेकर निकल गई। अभिजीत दीपके को पुलिस ने न सिर्फ दिल्ली आने से रोका है, बल्कि एयरपोर्ट से निकलने के बाद उन्हें दिल्ली की जगह हरियाणा लेकर चली गई है। आशुतोष रांका को दिल्ली के द्वारका में रखा गया है, जबकि सौरभ दास को दिल्ली में किसी अन्य जगह ले जाया गया है।

इधर CJP ने एक बयान जारी कर अपने नेताओं को हिरासत में लिए जाने की निंदा की। पार्टी ने दावा किया कि यह उसके नेताओं को प्रस्तावित प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए पहले से बनाई गई योजना का हिस्सा है। CJP ने इस कार्रवाई को बेरोकटोक आवाजाही की स्वतंत्रता का उल्लंघन बताते हुए तीनों नेताओं को तुरंत और बिना किसी शर्त के रिहा करने की मांग की है।

बता दें कि विपक्ष की तरफ से मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की आड़ में मतदाता सूचियों में गड़बड़ी करने और मतदाता पंजीकरण के दस्तावेज ’फॉर्म 6’ में बदलाव के लिए दो सहयोगी निर्वाचन आयुक्तों की आपत्ति को दरकिनार करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर CJP ने आज विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article