शहर

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और हरियाणा-मध्य प्रदेश के पूर्व प्रभारी दीपक बाबरिया का निधन, राहुल गांधी ने जताया शोक

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और हरियाणा और मध्य प्रदेश के पूर्व प्रभारी दीपक बाबरिया का शनिवार को निधन हो गया। राहुल गांधी समेत शीर्ष नेताओं ने शोक व्यक्त किया।

Image

वरिष्ठ कांग्रेस नेता दीपक बाबरिया का निधन

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और हरियाणा व मध्य प्रदेश के पूर्व प्रभारी दीपक बाबरिया का शनिवार को निधन हो गया। उनके देहांत की खबर सामने आते ही कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच गहरा शोक छा गया है। गुजरात से ताल्लुक रखने वाले और स्वर्गीय अहमद पटेल के करीबी माने जाने वाले दीपक बाबरिया लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे।

2024 में प्रभारी पद से दिया था इस्तीफा

दीपक बाबरिया लंबे समय तक कांग्रेस के सांगठनिक ढांचे को मजबूती देने में जुटे रहे। उन्होंने मध्य प्रदेश और हरियाणा जैसे महत्वपूर्ण राज्यों में पार्टी प्रभारी के रूप में अहम भूमिका निभाई थी। अक्टूबर 2024 में हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद उन्होंने अपने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए आलाकमान को प्रभारी पद से इस्तीफे की पेशकश की थी। उन्होंने कहा था कि मैंने आलाकमान से कहा कि मेरी जगह किसी और को जिम्मेदारी सौंप दी जाए। मेरा स्वास्थ्य ठीक नहीं है और नतीजों के मद्देनजर यह मेरी नैतिक जिम्मेदारी भी है। मैंने इसका फैसला पूरी तरह से हाईकमान पर छोड़ दिया है।

कांग्रेस नेताओं ने जताया शोक

दीपक बाबरिया के निधन पर पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने गहरा शोक जताया है। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि "वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व महासचिव श्री दीपक बाबरिया जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनका जाना कांग्रेस परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। संगठन के प्रति उनका समर्पण और पार्टी को मजबूत करने में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। इस कठिन समय में उनके परिजनों, साथियों और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। दीपक जी को भावभीनी श्रद्धांजलि और नमन।" रणदीप सुरजेवाला ने शोक जताते हुए लिखा कि दीपक बाबरिया जी के निधन पर भावभीनी श्रद्धांजलि। दुख की इस घड़ी में हम सभी शोक-संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।

संगठन में रहा उल्लेखनीय योगदान

गुजरात कांग्रेस से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करने वाले दीपक बाबरिया ने राष्ट्रीय स्तर पर ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव के रूप में अपनी सेवाएं दीं। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के माध्यम से राज्यों के चुनाव प्रबंधन और गुटबाजी को दूर कर कैडर को जोड़ने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article