शहर

पंजाब के 50 वार्डों में स्थानीय निकाय चुनाव रद्द, सुप्रीम कोर्ट ने 6 हफ्ते में दोबारा चुनाव का दिया आदेश

सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब में 50 वार्डों के स्थानीय निकाय चुनाव रद्द कर दोबारा कराने का आदेश दिया। फैक्ट-फाइंडिंग आयोग ने नामांकन प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं पाईं, जिनमें पर्चे छीनना, फाड़ना, मारपीट और धमकी शामिल हैं।

Image

सुप्रीम कोर्ट (File Image)

Photo : PTI

सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब के 50 वार्डों में हुए स्थानीय निकाय चुनाव को रद्द कर दिया है। कोर्ट ने इन वार्डों में नए सिरे से चुनाव कराने का आदेश दिया है। कोर्ट द्वारा नियुक्त फैक्ट-फाइंडिंग आयोग की रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ था कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर बाधाएं पहुंचाई गईं। कोर्ट ने छह सप्ताह में चुनाव कराने और निगरानी के लिए रिटायर हाईकोर्ट जज की अध्यक्षता में समिति बनाने का निर्देश दिया।

नामांकन पत्र छीनने और नष्ट करने के आरोप

चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने आयोग की रिपोर्ट पर विचार करने के बाद 50 वार्डों के चुनाव रद्द करने का आदेश दिया। आयोग ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि कई स्थानों पर उम्मीदवारों के नामांकन पत्र छीन लिए गए, फाड़ दिए गए या नष्ट कर दिए गए। इसके अलावा उम्मीदवारों के साथ मारपीट, उन्हें हिरासत में लेने और धमकाने जैसी घटनाएं भी सामने आईं। कोर्ट ने माना कि इन गंभीर अनियमितताओं की वजह से संबंधित 50 वार्डों में चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हुई थी। सुप्रीम कोर्ट ने आयोग की सिफारिशों को स्वीकार करते हुए इन वार्डों में दोबारा चुनाव कराने का निर्देश दिया। सुनवाई के दौरान पंजाब सरकार की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने भी यह कहा था कि राज्य सरकार को आयोग की सिफारिशों को स्वीकार किए जाने पर कोई आपत्ति नहीं है।

पटियाला और मोगा के वार्ड शामिल

दोबारा चुनाव होने वाले 50 वार्डों में पटियाला जिले के 28 और मोगा जिले के 22 वार्ड शामिल हैं। सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया है कि नए चुनाव की पूरी प्रक्रिया छह सप्ताह में पूरी की जाए। सुप्रीम कोर्ट ने दोबारा होने वाले चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए निगरानी व्यवस्था भी तय की है। कोर्ट ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को एक सप्ताह के भीतर हाईकोर्ट के किसी रिटायर जज की अध्यक्षता में निगरानी समिति गठित करने का निर्देश दिया है। यह समिति चुनाव प्रक्रिया की निगरानी करेगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article