Delhi CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी ने आज जंतर-मंतर चलो का आह्वान किया है। हालांकि, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ता अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को विमान के भीतर ही हिरासत में लिया गया। वहीं, दिल्ली सहित कई शहरों से प्रदर्शनकारियों को डिटेन किया गया है।
प्रदर्शन को लेकर बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, "देश-विरोधी तत्व, आतंकवादी ताकतें और अंतरराष्ट्रीय साजिशें इस समय हमारे देश के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई हैं। देश और उसके नागरिकों को परेशान करने के लिए किसी न किसी बहाने से तरह-तरह की साजिशें रची जा रही हैं।"
विकास को अस्थिर करने की हो रही कोशिश: नितिन नवीन
वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए सीजेपी के कार्यकर्ताओं पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह प्रदर्शन देश के विकास को अस्थिर करने की कोशिश है। उन्होने कहा कि आज जो कुछ भी हो रहा है, यह सब विदेशी ताकतों के इशारे पर हो रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि CJP और इंडी गठबंधन देश को अस्थिर करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि जनता सब देख रही है। ये जो आप सबके मंसूबे हैं, ये कभी पूरे नहीं होंगे।
वहीं, दूसरी ओर दिल्ली पुलिस ने पूरी दिल्ली की किलेबंदी कर रखी है। दिल्ली के सभी बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त है। आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी और वाहनों की तलाशी ली जा रही है। दिल्ली पुलिस ने सीजेपी को प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी है। इस प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के ज्यादातर इलाकों को बंद रखा गया है।
उन्होंने कहा कि जनता ने जिन लोगों को नकार दिया है, आज प्रदर्शन कर रहे लोग वही हैं। लोकतंत्र ने जिनकों सजा दी, वह देश को अस्थिर करने का मंसूबा पाल रहे हैं। ये सब विदेशी ताकतों के इशारे पर हो रहा है। नितिन नवीन ने कहा, देश में विकास और तरक्की हो रही है और ये लोग उस तरक्की को पचा नहीं पा रहे हैं।
