देश

CJP प्रोटेस्ट के दौरान पुलिस पर पथराव और धक्का-मुक्की, कई पुलिसकर्मियों को लगी चोट

CJP Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान धक्का-मुक्की में दिल्ली पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर घायल हो गए। सब-इंस्पेक्टर ने बताया कि वह ड्यूटी पर तैनात थे और उपद्रवियों को हिरासत में ले रहे थे। इसी दौरान भीड़ ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वह गिर गए और उन्हें चोट लग गई।

Image

दिल्ली पुलिस का सब-इंस्पेक्टर हुए चोटिल (फोटो साभार- PTI)

CJP Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हालात बेकाबू हो गए। प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के दौरान धक्का-मुक्की में दिल्ली पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर घायल हो गए। घायल सब-इंस्पेक्टर की पहचान बजरंग जाधव के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह ड्यूटी पर तैनात थे और उपद्रवियों को हिरासत में ले रहे थे। इसी दौरान भीड़ ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वह गिर गए और उन्हें चोट लग गई।

प्रदर्शन में सब-इंस्पेक्टर को लगी चोट

सब-इंस्पेक्टर बजरंग जाधव ने कहा, “उपद्रवियों को हिरासत में लेने के दौरान मुझे धक्का दिया गया, जिससे मुझे चोट लग गई। हम सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की।” गौरतलब है कि CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर आज जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया था। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी थी और पूरे दिल्ली में धारा 163 लागू कर दी थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर की ओर बढ़ने लगे।

आकाशवाणी भवन के पास पुलिस पर पथराव

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की इजाजत न मिलने के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सेंट्रल दिल्ली में घुसने की कोशिश करने लगे, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। अधिकारियों के मुताबिक दोपहर में करीब 25 से 30 प्रदर्शनकारियों ने आकाशवाणी भवन के पास इम्तियाज अली मार्ग पर लगे बैरिकेड्स को लांघ दिया और सुरक्षाकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। इस पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया, "बैरिकेड पार करने के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर फेंके। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और पथराव में दो जवानों को चोटें आई हैं।"

इससे पहले जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश कर रहे लगभग 500 लोगों को पुलिस ने अलग-अलग जगहों से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि कई प्रदर्शनकारी सुरक्षा घेरा तोड़कर अलग-अलग गलियों से फिर से इकट्ठा होने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें खदेड़ कर हिरासत में लिया गया। दिल्ली पुलिस ने पहले से ही 45 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए थे और कई स्टेडियमों को अस्थायी डिटेंशन सेंटर में बदल दिया था। पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इन सेंटरों में भेज रही है। फिलहाल जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

अब कौन करेगा आंदोलन का नेतृत्व

इससे पहले जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आ रहे CJP नेता अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने IGI एयरपोर्ट से ही हिरासत में ले लिया। अभिजीत दीपके का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह बता रहे हैं कि अब आंदोलन का नेतृत्व सीजेपी ऑर्गेनाइजेशन के इंचार्ज अजिंक्य शिंदे करेंगे। अभिजीत दीपके ने यह वीडियो कल रात ही रिकॉर्ड कर लिया था। क्योंकि उनको अपने और अन्य CJP नेताओं के हिरासत में लिए जाने का अंदेशा पहले से ही था।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article