दिल्ली में आज होने वाले प्रदर्शन में अभिजीत दिपके के पहुंचने से पहले ही हिरासत में ले लिया गया। दिल्ली पुलिस ने दिपके को ऐसे ही हिरासत में नहीं लिया, बल्कि उसके लिए पूरी तैयारी की हुई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिजीत दिपके ने जैसे ही दिल्ली में प्रदर्शन का ऐलान किया और पुलिस ने अनुमति नहीं दी, तभी से दिपके पर पुलिस की नजर थी।
मुंबई से दिल्ली तक नजर
आज जब दिल्ली आने के लिए अभिजीत दिपके, अपने साथियों आशुतोष रांका और सौरभ दास के साथ मुंबई से निकले, वहीं से दिल्ली पुलिस की उनपर नजर थी। दिल्ली पुलिस की पूरी तैयारी इसी पर थी कि कॉकरोच जनता पार्टी के किसी भी नेता को न केवल दिल्ली आने से रोकना है, बल्कि हर हाल में जंतर-मंतर पर भी नहीं पहुंचने देना है। मुंबई से जब दिपके की फ्लाइट दिल्ली के लिए निकली तो हर कोई यही सोच रहा था कि जब दिपके एयरपोर्ट से बाहर निकलेंगे तब पुलिस उन्हें पकड़ेगी, लेकिन दिल्ली पुलिस की प्लानिंग कुछ और ही थी।
प्लेन के अंदर महिला पुलिस अधिकारियों की एंट्री
प्लेन के आने से पहले ही दिल्ली पुलिस ने एक तरह से एयरपोर्ट को घेर रखा था। प्लेन जैसे ही दिल्ली पहुंची और लैंड की। दिल्ली पुलिस ने अपनी एक और चाल चल दी। दिपके को प्लेन के अंदर ही डिटेन करने पहुंच गई। प्लेन के अंदर मोर्चा महिला पुलिस अधिकारियों ने संभाला, जो कि आमतौर पर देखा नहीं जाता है। दिपके को महिला पुलिसकर्मी ही प्लेन से लेकर उतरीं।
तीनों को कर दिया अलग-अलग
कॉकरोच जनता पार्टी के तीनों बड़े नेता- अभिजीत दिपके, सौरभ दास, आशुतोष रांका, इसी प्लेन में सवार थे और तीनों को दिल्ली पुलिस ने एक साथ ही हिरासत में लिया था। इसके बाद पुलिस ने चालाकी से तीनों को अलग कर दिया। अभिजीत को जहां गुरुग्राम लेकर निकल गई, आशुतोष रांका को द्वारका में रखा गया है, वहीं सौरभ दास को दिल्ली में किसी और जगह ले जाया गया है।
