शहर

Delhi AQI: मानसून विदा होते ही दिल्ली की हवा बिगड़ी, 3 साल में अक्टूबर का सबसे प्रदूषित पहला हफ्ता

Delhi AQI: मानसून की वापसी के बाद दिल्ली की वायु गुणवत्ता बिगड़ गई है। अक्टूबर के पहले सात दिनों में राजधानी का औसत AQI 171 दर्ज किया गया, जो 2023 के बाद इस अवधि का सबसे अधिक स्तर है।

Image

मानसून की विदाई के बाद दिल्ली में बढ़ा प्रदूषण (सांकेतिक फोटो)

Photo : PTI

Delhi Pollution: मानसून की विदाई के साथ ही दिल्ली की हवा बिगड़ने लगी है। राजधानी में अक्टूबर के पहले सात दिन पिछले तीन सालों में सबसे ज्यादा प्रदूषित रहे। इस दौरान दिल्ली का औसत AQI 171 दर्ज किया गया। ’सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर’ (सीआरईए) के आंकड़ों के अनुसार, यह 2023 के बाद इस अवधि का सबसे ऊंचा स्तर है, उस समय यह आंकड़ा 176 दर्ज किया गया था। बुधवार को भी AQI 136 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

इस साल अक्टूबर में एक्यूआई पहली तारीख को 166, दो को 174, तीन को 171, चार को 187, पांच को 184, छह को 179 और बुधवार को 136 रहा, जिससे सात दिनों का औसत 171 दर्ज किया गया। पिछले छह सालों के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर के पहले सात दिनों का औसत एक्यूआई 2021 में 112, 2022 में 141, 2023 में 176, 2024 में 155, 2025 में 117 और इस वर्ष 171 रहा। इस छह साल की अवधि में, 2023 के बाद अक्टूबर 2026 का पहला हफ़्ता दूसरा सबसे ज़्यादा प्रदूषित हफ्ता रहा।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को ’अच्छा’, 51 से 100 को ’संतोषजनक’, 101 से 200 को ’मध्यम’, 201 से 300 को ’खराब’, 301 से 400 को ’बहुत खराब’ और 401 से 500 को ’गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

10 अक्टूबर तक मध्यम स्तर पर रहेगा प्रदूषण

सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली का एक्यूआई 136 दर्ज किया गया, जो ’मध्यम’ श्रेणी में आता है। वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली ने पूर्वानुमान जताया है कि आठ से 10 अक्टूबर के बीच दिल्ली की वायु गुणवत्ता ’मध्यम’ श्रेणी में ही रहने की संभावना है। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को पराली जलाने की 70 घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें पंजाब में 15, उत्तर प्रदेश में 11, राजस्थान में सात और मध्य प्रदेश में 37 घटनाएं शामिल हैं।

अक्टूबर में भी परेशान कर रही गर्मी

दूसरी ओर, राजधानी के कई मौसम केंद्रों पर तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक था। पालम में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.6 डिग्री कम) दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक) रहा। लोधी रोड में अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक) और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक) दर्ज किया गया। रिज क्षेत्र में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक) जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.5 डिग्री कम) दर्ज किया गया। आयानगर में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से एक डिग्री अधिक) और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक) दर्ज किया गया।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article