Tamil Actor Vishal Accuses Mumbai CBFC: विशाल कृष्ण रेड्डी, जिन्हें विशाल के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने अपनी लेटेस्ट फिल्म मार्क एंटनी के रिलीज के दिन एक बड़ी कॉन्ट्रोवर्सी क्रिएट कर दी है। एक्टर ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर एक महत्वपूर्ण पोस्ट शेयर किया है। अपने लेटेस्ट इंस्टाग्राम पोस्ट में विशाल ने सीबीएफसी के भ्रष्टाचार के बारे में अपनी चिंता जताई है, जिसके बाद इस मामले पर तीखी बहस छिड़ गई। सोशल मीडिया पर कई लोग विशाल के इस कदम की जमकर तारीफ भी कर रहे हैं, तो कई लोग सीबीएफसी की कड़ी निंदा कर रहे हैं।
इस पूरे मामले पर अब फैंस ने अपनी राय रखनी शुरू कर दी हैं। एक्टर का ये पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। क्योंकि भष्टाचार का मामला किसी भी कीमत पर छोटा नहीं होता है, आइए विशाल की इस पोस्ट पर एक नजर डालते हैं।
विशाल ने CBFC पर लगाए ये गंभीर आरोप
विशाल ने अपने पोस्ट में लिखा, '#भ्रष्टाचार को सिल्वर स्क्रीन पर दिखाया जाना ठीक है। लेकिन असल जिंदगी में नहीं, हजम नहीं हो रहा। खासकर सरकारी दफ्तरों में और #CBFC मुंबई कार्यालय में तो और भी बुरा हाल है। मेरी फिल्म #मार्कएंटोनी के हिंदी संस्करण के लिए 6.5 लाख का भुगतान करना पड़ा। स्क्रीनिंग के लिए 3 लाख और सर्टिफिकेट के लिए 3.5 लाख। अपने करियर में कभी भी इस स्थिति का सामना नहीं करना पड़ा।' विशाल ने अपनी पोस्ट में और भी कई खुलासे किए हैं।
'मेरे पास उनको पेसे देने के अलावा और कोई ऑप्शन नहीं था क्योंकि आज फिल्म रिलीज होने के बाद से बहुत कुछ दांव पर लगा है। इसे महाराष्ट्र के माननीय मुख्यमंत्री और मेरे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के ध्यान में ला रहा हूँ। ऐसा करना मेरे लिए नहीं बल्कि भविष्य के निर्माताओं के लिए है।' मेरी मेहनत की कमाई भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई?। आशा है कि हमेशा की तरह सत्य की जीत होगी।'
