दिल्ली

Weather Today: Delhi-NCR में भीषण ठंड का कहर, ठिठुरते दिखे लोग, जानें कब मिलेगी सर्दी से राहत

Delhi-NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में ठंड बढ़ती जा रही है। लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान के और गिरने की संभावना जताई है।

Image

Delhi-NCR में भीषण ठंड का कहर

Delhi-NCR Weather Today: दिल्ली में शीतलहर से लोगों को राहत मिली है, लेकिन एनसीआर में शीतलहर का दौर अब भी जारी है। यहां तेज सर्द हवाएं चल रही हैं। सर्द हवाओं से शहरों के न्यूनतम तापमान के साथ अधिकतम तापमान में भी कमी आई है। यहां लोगों को ठंड में ठिठुरते हुए देखा जा रहा है। दिल्ली की सर्दी में लोग सुबह और शाम के दौरान बाहर निकलने से बचने की कोशिश कर रहे हैं। दोपहर के समय खिली धूप से कुछ हद तक गर्मी से राहत मिल रही है, लेकिन दिन ढलते ही फिर रूह कंपा देने वाली ठंड लगनी शुरू हो रही है। ठंड से बचने के लिए घरों के बाहर, गली और नुक्कड़ों पर लोग अलाव जलाकर बैठे हुए हैं। आग की तपिश से खुद को गर्म रखने का प्रयास कर रहे हैं।

दिल्ली में मौसम का हाल

दिल्ली में गुरुवार को मौसम में आए बदलाव के बाद शीतलहर से लोगों को राहत मिल गई है। हवाओं की दिशा बदलने से राजधानी के न्यूनतम तापमान में इजाफा देखा गया है। शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं आज के तापमान की बात करें तो आज न्यूनतम तापमान 7 डिग्री, जबकि अधिकतम 23 डिग्री तक रह सकता है। सुबह के समय अधिकतर इलाकों में धुंध की परत देखने को मिलेगी। दिन चढ़ने के साथ धुंध कम होने लगेगी और आसमान साफ हो जाएगा। दोपहर के समय खिली तेज धूप से लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिलेगी।

आने वाले दिनों फिर शुरू होगा कोल्ड वेव का अटैक

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में 16 दिसंबर से सुबह और शाम के दौरान कोहरा छाया रहेगा। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जाएगा। 16 से 20 दिसंबर तक शहर का अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री के बीच बना रहेगा। वहीं न्यूनतम तापमान कभी 6 डिग्री तो कभी 7 डिग्री तक रह सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में आने वाले दिनों में कोल्ड वेव का कहर एक बार फिर देखने को मिलेगा। बदलते मौसम और पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का प्रभाव राजधानी के मौसम पर दिखाई देगा।

एनसीआर में मौसम का हाल

लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार, आज गाजियाबाद जिले में कोल्ड वेव का कोई अलर्ट नहीं है। शहर में केवल कोहरा छाया रह सकता है। न्यूनतम तापमान 10 और अधिकतम 24 डिग्री रह सकता है। वहीं गौतमबुद्ध नगर में कोल्ड वेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां न्यूनतम तापमान 11 और अधिकतम 24 डिग्री रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में यहां तापमान और गिरने की संभावना है।

दिल्ली से सटे गुरुग्राम और फरीदाबाद में तापमान में गिरावट देखी जा रही है। साथ ही आईएमडी द्वारा दोनों शहरों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में भी शहर में कोल्ड वेव की स्थिति बनी रहेगी। तापमान की बात करें को आज गुरुग्राम और फरीदाबाद का न्यूनतम तापमान क्रमशः 8 और 9 डिग्री रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री रहने की संभावना है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article