इलेक्शन

गुजरात चुनावः क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की फैमिली में सियासत का असर, क्या भाभी-नंद होंगी आमने-सामने?

  • Edited by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Nov 9, 2022, 01:03 PM IST

Gujarat Assembly Elections 2022: अगर इन दोनों के बीच यह चुनावी मैच हुआ तो ऐसे में स्वाभाविक है यह मुकाबला बेहद दिलचस्प रहेगा। पर सबसे बड़ा सवाल है कि जडेजा आखिरकार किसे सपोर्ट करेंगे?

Image

भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी रविंद्र जडेजा। (File)

Photo : IANS

Gujarat Assembly Elections 2022: गुजरात में चुनावी समर के बीच सूबे की जामनगर नॉर्थ सीट पर सबकी निगाहें टिकी हैं। इस विधानसभा सीट पर भारतीय क्रिकेट टीम के हरफनमौला खिलाड़ी रविंद्र जडेजा की फैमिली की दो महिलाएं सियासी मैदान में आमने-सामने देखने को मिल सकती हैं। एक ओर संकेत हैं कि जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा बीजेपी के टिकट से लड़ सकती हैं, जबकि दूसरी ओर कहा जा रहा है कि उनकी बहन नैना जडेजा कांग्रेस की तरफ से ताल ठोंक सकती हैं।

जडेजा की पत्नी ने साल 2019 में आम चुनाव से पहले बीजेपी ज्वॉइन की थी। उनके बाद उनकी नंद नैना ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया। काफी एक्टिव रहने वाली नैना जामनगर में काफी लोकप्रिय हैं और कांग्रेस की जिला महिला अध्यक्ष हैं। वैसे, मौजूदा समय में इस सीट से धर्मेंद्र सिंह जडेजा विधायक हैं, जो कि बीजेपी से ताल्लुक रखते हैं।

ravindra jadeja family

ravindra jadeja family

हालांकि, इस चुनाव में इस बात के कयास हैं कि रिवाबा को भाजपा की ओर से टिकट सौंपा जा सकता है। दरअसल, धर्मेंद्र की साख बीते कुछ समय से सवालों के घेरे में रही है। ऐसे में आशंका है कि पार्टी दोबारा उन्हें टिकट देने से बचेगी। चूंकि, क्रिकेटर या सेलिब्रिटी की बीवी होने के अलावा उनकी महिला नेता की छवि भी है, लिहाजा कैंडिडेट्स की रेस में रिवाबा आगे मानी जा रही हैं।

इस बीच, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बीजेपी के सूत्रों के हवाले से कहा गया कि रिवाबा की गतिविधियां बताती हैं कि वह चुनाव लड़ना चाहती हैं। वह मूल रूप से राजकोट की रहने वाली हैं। उनके पिता बड़े उद्योगपति हैं। वह खुद भी सामाजिक कार्यों और उनसे जुड़ी एक्टिविटीज में हिस्सा लेती रहती हैं।

उधर, कांग्रेस भी बीजेपी की राजनीति रणनीति पर निगाह बनाए हुए है। विस क्षेत्र के सियासी गलियारों में माना जा रहा है कि अगर बीजेपी रिवाबा को नामित करती है, तब कांग्रेस उनके खिलाफ नैना को मैदान में उतार सकती है। ऐसा इसलिए, क्योंकि नैना की छवि भी लोगों के बीच काफी अच्छी रही है। वह अपना खुद का होटल भी चलाती हैं। अगर इन दोनों के बीच यह चुनावी मैच हुआ तो ऐसे में स्वाभाविक है यह मुकाबला बेहद दिलचस्प रहेगा। पर सबसे बड़ा सवाल है कि जडेजा आखिरकार किसे सपोर्ट करेंगे?

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article