Vibhor Steel Tubes IPO: यदि आप इस हफ्ते किसी आईपीओ में दांव लगाना चाहते हैं तो आपके लिए अच्छी डील हो सकती है। दरअसल, इस हफ्ते स्टील कंपनी विभोर स्टील ट्यूब्स लिमिटेड का IPO आने वाला है। निवेशक इस इश्यू में 13 फरवरी से 15 फरवरी तक अप्लाई कर सकते हैं। इसका प्राइस बैंड 141-151 रुपये प्रति शेयर है। ये पूरी तरह से 72 करोड़ रुपये का फ्रेश इक्विटी इश्यू है। ऑफर का लगभग 35% रिटेल निवेशकों के लिए, 50% योग्य संस्थागत खरीदारों के लिए और बाकी के 15% गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए है।
ग्रे मार्केट में क्या चल रहा भाव?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विभोर स्टील ट्यूब्स लिमिटेड आईपीओ ग्रे मार्केट में 130 रुपये के प्रीमियम पर है। यानी अपर प्राइस बैंड 151 रुपये के हिसाब से कंपनी के शेयर 281 रुपये पर लिस्ट हो सकते हैं। पहले ही दिन निवेशकों को 86.09% तक का तगड़ा मुनाफा हो सकता है। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 20 फरवरी को हो सकती है।
क्या करती है कंपनी
विभोर स्टील ट्यूब्स हल्के स्टील ईआरडब्ल्यू काले और गैल्वेनाइज्ड पाइप, खोखले स्टील पाइप, कोल्ड रोल्ड स्टील (सीआर) स्ट्रिप्स का निर्माता और निर्यातक है। कंपनी 2 दशकों से अधिक समय से कारोबार में है। विभोर स्टील ट्यूब्स लिमिटेड माइल्ड स्टील/कार्बन स्टील ईआरडब्ल्यू ब्लैक और गैल्वनाइज्ड पाइप, खोखले स्टील पाइप और कोल्ड-रोल्ड स्टील (सीआर) स्ट्रिप्स और कॉइल्स का मैन्युफैक्चरर और एक्सपोर्टर है।
जिंदल पाइप्स के साथ एग्रीमेंट
बता दें कि एक अप्रैल 2023 से विभोर स्टील ट्यूब्स ने जिंदल पाइप्स के साथ एग्रीमेंट को रिन्यू किया था। इसके तहत जिंदल पाइप्स और उसके कस्टमर्स को जिंदल स्टार ब्रांड के तहत तैयार माल की मेकिंग और सप्लाई की जाती है। कंपनी के प्रमोटर मेसर्स विजय कौशिक एचयूएफ, विभोर कौशिक, विजय लक्ष्मी कौशिक और विजय कौशिक हैं। प्रमोटरों के पास वर्तमान में कुल 1,32,46,500 इक्विटी शेयर हैं।
