क्रिकेट

IND vs AUS 3rd Test: मोर्ने मोर्केल ने कहा, टीम इंडिया के गेंदबाजों को टेस्ट क्रिकेट में करना होगा ये सुधार

टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने स्वीकार किया है कि भारतीय गेंदबाजों के टेस्ट क्रिकेट में 50 से 80 ओवर के बीच पुरानी गेंद से गेंदबाजी में सुधार की है दरकार।

Image

मोर्ने मोर्केल(साभार BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत के गेंदबाज पुरानी गेंद से नहीं चटका पाए गाबा में विकेट
  • पहले सत्र की लय को दूसरे दिन नहीं रख पाए बरकरार
  • मोर्केल ने कहा करना होगा गेंदबाजी में इस जगह सुधार

ब्रिसबेन: गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने रविवार को स्वीकार किया कि भारतीय गेंदबाज ऑस्ट्रेलियाई शतक बनाने वाले ट्रेविस हेड के खिलाफ योजनाओं को लागू करने में विफल रहे और उन्होंने उन्हें 50 से 80 ओवरों के बीच पुरानी गेंद से अपने खेल को सुधारने की बात कही। हेड और साथी शतकवीर स्टीव स्मिथ ने मेजबान टीम को तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन तीसरे सत्र में 31 ओवरों में 171 रन बनाने में मदद की। ऑस्ट्रेलिया ने स्टंप तक सात विकेट पर 405 रन का स्कोर बनाया।

पुरानी गेंद से गेंदबाजी में करना होगा सुधार

मोर्कल ने दिन के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,'हम कह सकते हैं कि वह (हेड) काफी अच्छी फॉर्म में हैं। लेकिन मुझे लगता है कि अगर आप 50 से 80 ओवरों तक देखें तो गेंद के साथ हम पिछले मैच में भी पिछड़ गए। हमने थोड़े बहुत रन लुटाए। इसलिए मुझे लगता है कि हमें इस विभाग में बेहतर होने की जरूरत है।'

पहले सत्र की लय नहीं रख पाए गेंदबाज बरकरार

उन्होंने कहा कि सुबह के सत्र में तीन विकेट लेने के बाद भारतीय गेंदबाज लय बरकरार नहीं रख सके। मोर्कल ने कहा,'आज सुबह हमने 70 रन देकर तीन विकेट लेकर अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन दो विश्व स्तरीय खिलाड़ियों का कुछ नहीं कर सके। स्मिथ को हम जानते हैं, वह एक ऐसा खिलाड़ी है जो लंबे समय तक बल्लेबाजी कर सकते हैं और रन बना सकते हैं। उन्होंने (स्मिथ और हेड) वहां साझेदारी की और हमें दबाव में डाल दिया। यह निश्चित रूप से ऐसा विभाग है जिस पर हमें ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है शायद पारी की गहराई में। हमारे पास योजना हैं लेकिन क्या हम दोनों छोर से इन योजनाओं को लागू कर रहे हैं? यह कुछ ऐसा है जिसमें हमें बेहतर होने की जरूरत है।'

हेड के खिलाफ फेल हुई प्लानिंग

दक्षिण अफ्रीका के इस पूर्व तेज गेंदबाज ने बताया कि हेड के खिलाफ पहले से तय योजना विफल हो गई। उन्होंने कहा,'इस मैच से पहले हमारी योजना थोड़ी ‘ओवर द विकेट’ और सीधी लाइन पर गेंदबाजी करने की थी। हमें लगा कि जब हमने एडिलेड में ‘अराउंड द विकेट’ गेंदबाजी की तो वह काफी अच्छा खेले। एक बार जब वह मैदान में आ गए तो टीम और आपके लिए सबसे अच्छा तरीका शायद स्कोरिंग गति को धीमा करना है क्योंकि आप जानते हैं कि वह आक्रामक होने वाले हैं। हेड को नियंत्रित करने का सबसे अच्छा तरीका थोड़ा नियंत्रण लाना है।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article