फास्ट फूड खाना भला किसे पसंद नहीं होता है, पिज्जा हो या बर्गर इन्हें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी बड़े ही स्वाद से खाते हैं। इसके अलावा यदि साथ में कोल्ड ड्रिंक पीने को मिल जाए तो फिर आनंद दोगुना हो जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपको इतना पसंद आने वाला ये खाना आपकी सेहत को जरा भी पसंद नहीं है। जी हां हाल ही में हुए एक अध्ययन में ये बात सामने आई है कि फास्ट फूड्स का सेवन आपके जीवन के लिए हानिकारक साबित हो रहा है। आइए जानते हैं फास्ट फूड के सेहत पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में विस्तार से...
कैसे पड़ रहा है असर?
हेल्थ रिसर्च में शामिल वैज्ञानिकों का दावा है कि एक चीज बर्गर खाना आपकी जिंदगी के लगभग 9 मिनट कम करता है, जबकि गिलास कोल्ड ड्रिंक पीने से आपकी जिंदगी के लगभग 12 मिनट तक कम होते हैं। वहीं 1 हॉट डॉग खाने से आप अपनी जिंदगी के 36 मिनट खो सकते हैं। वहीं इसके साथ कोल्ड ड्रिंक पीने से ये नुकसान और ज्यादा बढ़ सकता है। जिसका कारण है कि इन फूड्स में शामिल नाइट्रेट्स और नाइट्राइट्स आपके शरीर को भारी नुकसान पहुंचाते हैं।
कहां हुआ शोध?
डेली मेल की एक रिपोर्ट की मानें तो, मिशिगन यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने लगभग 5,800 फूड प्रोडक्ट का विश्लेषण किया और इनका लोगों की हेल्थ यानी सेहत पर असर पड़ने वाला असर को आकलन किया गया। जिसमें बताया गया कि एग सैंडविच आपकी जिंदगी के 13.6 मिनट घटा सकता है। इसके अलावा आपका पसंदीदा फास्ट फूड में नाइट्राइट्स और नाइट्रेट्स शरीर में जाकर ऐसे तत्वों में बदल जाते हैं, जो कोलन कैंसर जैसे गंभीर खतरे को बढ़ा सकते हैं।
सेहतमंद हैं ये फूड्स?
हालांकि आपको बता दें कि कुछ फूड्स आपकी सेहत के लिए फायदेमंद भी हो सकते हैं। ये आपकी जीवन में कुछ मिनट तक बढ़ा भी सकते हैं। वैज्ञानिकों की मानें तो पीनट बटर और जेली सैंडविच खाना आपको लगभग 30 मिनट तक जीवन को बढ़ा सकता है। इसके अलावा नट्स और सीड्स का सेवन आपको 10 मिनट तक उम्र को बढ़ा सकता है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
