वायरल न्यूज़

VIDEO: अगले जन्म तोहे ऐसी बिटिया न कीजो...वृद्धाश्रम में तोड़ा दम, ऑनलाइन पैसे भेज बेटियों ने देखा पिता का अंतिम संस्कार

Viral Video: हरियाणा के सोनीपत स्थित एक वृद्धाश्रम से रूह कंपा देने वाला और रिश्तों की मर्यादा पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। पिता के निधन की सूचना मिलने के बावजूद उनकी तीनों बेटियां अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुईं। बेटियों ने ऑनलाइन ₹5,100 ट्रांसफर किए और वीडियो कॉल के जरिए पिता की अंतिम विदाई देखी।

Image

बेटियों ने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने से कर दिया इनकार

Viral Video: 'बेटे तो फिर भी बेगाने हो जाते हैं, बेटियां तो ताउम्र दिल के करीब रहती हैं...' समाज में कही जाने वाली यह पुरानी कहावत सोनीपत के एक वृद्धाश्रम के बाहर धू-धू कर जलती चिता के धुएं में उड़ती नजर आई। जिस पिता ने कभी अपनी खून-पसीने की कमाई से बेटियों को पढ़ाया, काबिल बनाया और खुद पाई-पाई जोड़कर उनके उज्ज्वल भविष्य का सपना देखा, उसी पिता की अंतिम यात्रा में कांधा देने वाला खून का कोई रिश्ता मौजूद नहीं था। जिसने भी यह नजारा देखा उसका दिल पसीज गया।

    यह हृदयविदारक घटना है हरियाणा के सोनीपत की, जहां कभी मुंबई में कपड़ा व्यापारी रहे बुजुर्ग शिवचरण गुप्ता ने एक वृद्धाश्रम में अंतिम सांस ली।

    शिवचरण गुप्ता का जीवन संघर्ष और सफलता से भरा था। कभी मुंबई में उनका करोड़ों रुपये का कपड़ा कारोबार था। उन्होंने अपनी तीनों बेटियों को पढ़ा-लिखाकर अच्छी परवरिश दी, जिनमें से दो बेटियां सरकारी शिक्षिका भी बनीं। हालांकि, जिंदगी के एक मोड़ पर व्यापार में नुकसान हुआ और पत्नी के साथ वे सोनीपत आ गए। डेढ़ साल पहले पत्नी का साथ छूटा, तो अकेलापन और बढ़ गया। बेसहारा होकर उन्होंने समाज कल्याण शिक्षा समिति के वृद्धाश्रम को अपना आशियाना बना लिया।

    बेटियों ने आने से कर दिया इनकार

    आश्रम प्रबंधकों के अनुसार, पिछले 20 दिनों से शिवचरण जी की तबीयत बेहद खराब थी। बेटियों (जो नेपाल, मुंबई और यूपी के आजमगढ़ में रहती हैं) को लगातार स्थिति से अवगत कराया जा रहा था। लेकिन काम की व्यस्तता और दूरी का हवाला देकर किसी ने भी पिता का हाल जानने आने की जरूरत नहीं समझी। धीरे-धीरे फोन पर भी बात होना बंद हो गई। आखिरकार, मंगलवार को बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। पिता के निधन के बाद वृद्धाश्रम के कार्यकर्ताओं ने जब बेटियों से संपर्क किया और शव को सुरक्षित रखने का प्रस्ताव दिया ताकि वे पहुंच सकें, तो जवाब और भी चौंकाने वाला था। बेटियों ने आने से साफ इनकार कर दिया और दूरी व समय की कमी की बात कही। इतना ही नहीं, एक बेटी ने अंतिम संस्कार के खर्च के नाम पर 5,100 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए और कहा कि दाह संस्कार का वीडियो बनाकर भेज दिया जाए। देखें वीडियो...

    वीडियो कॉल पर अंतिम संस्कार

    सोनीपत के श्मशान घाट पर सामाजिक संस्था के सदस्यों ने अपने हाथों से मुखाग्नि दी और पिता के फर्ज को अजनबियों ने निभाया। इस दौरान एक मोबाइल फोन के जरिए बेटियों को वीडियो कॉल पर जोड़ा गया। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि चिता से धुआं उठ रहा है और स्क्रीन पर बेटी देख रही है। तभी कॉल पर बेटी कहती है और कितनी देर लगेगी? काम खत्म हो गया? हमें नहाना भी है। यह वाक्य सुनते ही वहां मौजूद समाजसेवियों की आंखें छलक आईं और कलेजा मुंह को आ गया। इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। यूजर्स बेटियों की इस कदर बेरुखी देखकर आक्रोशित हैं। लोग कह रहे हैं कि "शिक्षा और करियर कितना भी बड़ा हो जाए, अगर संस्कारों की कमी है तो सब व्यर्थ है।"

    Kaushlendra Pathak
    कौशलेंद्र पाठकauthor

    कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

    और पढ़ें
    End of Article