देश

'हामिद अंसारी का पद्मश्री वापस लो...', हिंदू राइट-विंग वाले बयान पर भड़की हिंदू सेना,अमित शाह को सौंपा ज्ञापन

हामिद अंसारी के 'भारत के लिए खतरा हिंदू राइट-विंग' वाले बयान पर बवाल मचा है, हिंदू सेना ने गृह मंत्री अमित शाह को ज्ञापन सौंपकर पद्मश्री सम्मान वापस लेने की मांग की।

Image

हामिद अंसारी (फाइल फोटो)

बीजेपी ने अंसारी की टिप्पणियों की कड़ी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि इससे कांग्रेस पार्टी का 'मुस्लिम लीग और माओवादी' वाला चरित्र उजागर होता है। हिंदू सेना ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को औपचारिक रूप से एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी द्वारा 'हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता' पर की गई टिप्पणी के कारण उन्हें दिया गया पद्म श्री सम्मान तुरंत वापस लेने की मांग की गई है।

हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने अंसारी के पिछले व्यवहार और हालिया सार्वजनिक बयानों पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि उन्हें सम्मानित करते रहना राष्ट्रीय पुरस्कारों की गरिमा का अपमान है।

हिंदू सेना ने राष्ट्रीय सुरक्षा और खुफिया हितों को लेकर चिंता जताई और कहा कि अंसारी के बयानों से अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बदनामी होती है और सामाजिक सद्भाव को नुकसान पहुंचता है।हिंदू सेना ने इस बात पर जोर दिया कि पद्म श्री जैसे प्रतिष्ठित सम्मान उन लोगों के लिए होते हैं जो देश के प्रति अटूट समर्पण दिखाते हैं, और ये सम्मान उन लोगों के पास नहीं रहने चाहिए जिन पर देश-विरोधी गतिविधियों के गंभीर आरोप हों।

'उनका पद्म श्री सम्मान तुरंत वापस लिया जाए'

इस मामले पर बात करते हुए हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने कहा-'सबसे ऊंचे संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों से देश की अखंडता और सांस्कृतिक विरासत के प्रति पूरी निष्ठा की अपेक्षा की जाती है। राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता करने और हिंदू समुदाय को बार-बार निशाना बनाने के गंभीर आरोपों को देखते हुए, हामिद अंसारी ने भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक को अपने पास रखने का नैतिक अधिकार खो दिया है। हम केंद्रीय गृह मंत्रालय से आग्रह करते हैं कि उनका पद्म श्री सम्मान तुरंत वापस लिया जाए और इन मामलों की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दिए जाएं।'

हामिद अंसारी ने क्या कहा?

हामिद अंसारी ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की एक कथित टिप्पणी का ज़िक्र करते हुए राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। नेहरू ने कहा था कि 'भारत के लिए असली खतरा' कम्युनिज़्म नहीं, बल्कि 'हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता' थी। शनिवार को इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर में दिवंगत संविधान विशेषज्ञ और लेखक ए.जी. नूरानी की याद में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए, अंसारी ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के उस विचार का ज़िक्र किया कि 'भारत के लिए असली ख़तरा कम्युनिज़्म नहीं, बल्कि हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता थी'-जिसका ज़िक्र नूरानी की 2019 की किताब 'द आरएसएस: ए मेनेस टू इंडिया' में किया गया है। अपने भाषण के दौरान, अंसारी ने नूरानी की रचनाओं और भारत में राष्ट्रवाद, पहचान और राजनीतिक घटनाक्रमों पर उनके विचारों के बारे में भी बात की।

बीजेपी का पलटवार

बीजेपी ने अंसारी के बयानों पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि इससे कांग्रेस पार्टी का 'मुस्लिम लीग और माओवादी' चरित्र उजागर होता है।त्रिवेदी ने कहा कि अंसारी के बयानों ने 'पूरी तरह से यह उजागर कर दिया है कि कांग्रेस अब पूरी तरह से मुस्लिम लीग-माओवादी कांग्रेस बन गई है'। उन्होंने क हा कि पूर्व उपराष्ट्रपति की टिप्पणी से यह भी पता चलता है कि नेहरू कम्युनिज्म को खतरा मानते थे, जबकि कांग्रेस अब 'अल्ट्रा-लेफ्ट' (कट्टर वामपंथ) की ओर बढ़ गई है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article