शहर

ANTF Conference: नशे के कारोबार पर लगाम के लिए केंद्र और राज्यों की बड़ी बैठक आज , 36 राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों के ANTF प्रमुख होंगे शामिल

Amit Shah ANTF Conference: देश में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ केंद्र और राज्यों की रणनीति को और मजबूत करने की तैयारी है। गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में ANTF के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। दो दिवसीय सम्मेलन में 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के ANTF प्रमुख ड्रग कार्टेल और तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई की साझा रणनीति पर मंथन करेंगे।

Image

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (फाइल फोटो: PTI)

Amit Shah ANTF Conference: देश में नशे के खिलाफ लड़ाई को और धार देने की तैयारी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज मंगलवार को नई दिल्ली में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स यानी ANTF के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। दो दिन तक चलने वाले इस सम्मेलन में देशभर से ANTF के प्रमुख शामिल होंगे और ड्रग तस्करी के खिलाफ आगे की रणनीति पर मंथन किया जाएगा। इस सम्मेलन की थीम 'सामूहिक संकल्प, साझा दायित्व' रखी गई है। बैठक में 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के ANTF प्रमुख हिस्सा लेंगे। केंद्र की कोशिश है कि ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई को सिर्फ अलग-अलग राज्यों की कार्रवाई तक सीमित न रखते हुए एक साझा और समन्वित रणनीति के तहत आगे बढ़ाया जाए।

ड्रग कार्टेल पर सीधा वार

सम्मेलन में ड्रग तस्करी के बड़े नेटवर्क और कार्टेल को तोड़ने की रणनीति पर खास चर्चा होगी। जांच एजेंसियों के बीच बेहतर इंटेलिजेंस शेयरिंग, संयुक्त ऑपरेशन और राज्यों के बीच समन्वय को मजबूत करने के उपायों पर भी विचार किया जाएगा। बदलते ड्रग नेटवर्क को देखते हुए सिंथेटिक ड्रग्स, प्रीकर्सर केमिकल्स और गुप्त ड्रग लैब भी सम्मेलन के प्रमुख एजेंडों में शामिल हैं। अवैध तरीके से ड्रग्स बनाने वाली प्रयोगशालाओं की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई के तरीकों पर चर्चा होगी।

डार्कनेट और क्रिप्टो से ड्रग तस्करी पर भी नजर

ड्रग तस्करों ने तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया है। ऐसे में डार्कनेट और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए होने वाली ड्रग तस्करी पर भी सम्मेलन में फोकस रहेगा। एजेंसियां ऐसे डिजिटल नेटवर्क की पहचान, वित्तीय लेनदेन की जांच और तस्करी के पीछे मौजूद पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की रणनीति पर चर्चा करेंगी। सम्मेलन में ड्रग्स के खिलाफ तीन स्तरों पर काम करने की रणनीति पर भी चर्चा होगी—सप्लाई रिडक्शन, डिमांड रिडक्शन और हार्म रिडक्शन। यानी ड्रग्स की उपलब्धता और तस्करी को रोकने के साथ-साथ नशे की मांग कम करने और नशे की गिरफ्त में आ चुके लोगों के पुनर्वास जैसे पहलुओं पर भी फोकस रहेगा।

अमित शाह करेंगे कई अहम लॉन्च

सम्मेलन के दौरान गृह मंत्री अमित शाह कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वह मादक पदार्थों के खिलाफ जागरूकता TVC जारी करेंगे। इसके अलावा लखनऊ और देहरादून में NCB के नए जोनल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला भी रखी जाएगी। ड्रग्स के खिलाफ अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले ANTF को सम्मानित किया जाएगा। अमित शाह नए स्वरूप में तैयार NCB की वेबसाइट का भी शुभारंभ करेंगे।

अगले तीन साल के लिए साझा रणनीति

सम्मेलन का फोकस सिर्फ मौजूदा चुनौतियों तक सीमित नहीं रहेगा। ड्रग तस्करी के खिलाफ अगले तीन वर्षों के लिए साझा रणनीति तैयार करने पर भी जोर रहेगा। केंद्र की कोशिश है कि NCB और राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों की ANTF के बीच समन्वय को और मजबूत किया जाए। खास तौर पर अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क पर कार्रवाई के लिए साझा तंत्र विकसित करने पर चर्चा होगी।

पंजाब समेत कई राज्यों के लिए अहम

ड्रग्स का मुद्दा खास तौर पर पंजाब समेत कई राज्यों में बड़ा सामाजिक और सुरक्षा विषय बना हुआ है। ऐसे में ANTF का यह सम्मेलन नशे के खिलाफ केंद्र और राज्यों की संयुक्त कार्रवाई के लिहाज से महत्वपूर्ण है। कुल मिलाकर, सम्मेलन में ड्रग्स के खिलाफ साझा कार्रवाई, साझा रणनीति और साझा जिम्मेदारी’ के मॉडल को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article