उत्तर प्रदेश में सोमवार देर रात एक बार फिर तबादला एक्सप्रेस चली। यहां शासन ने 34 IAS अधिकारियों का तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस तबादला सूची में कई जिलों के जिलाधिकारी (DM), मुख्य विकास अधिकारी (CDO) और शासन स्तर के विशेष सचिव शामिल हैं। तबादला सूची के मुताबिक, मुरादाबाद और कानपुर समेत 14 जिलों को नए जिलाधिकारी मिले हैं। प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से किए गए इस फेरबदल के बाद कई अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल गई हैं।
जारी सूची के मुताबिक, हरदोई के जिलाधिकारी अनुनय झा को मुरादाबाद का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं राहुल पांडेय, विशेष सचिव राज्य कर, को हरदोई का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। संजय चौहान को अमेठी से कुशीनगर का जिलाधिकारी बनाया गया है।
इसी क्रम में महेंद्र सिंह तंवर को कुशीनगर से कानपुर नगर का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि आलोक कुमार को संतकबीर नगर से पीलीभीत का जिलाधिकारी बनाया गया है। ज्ञानेंद्र सिंह को पीलीभीत से बलिया भेजा गया है।
सूची में दिव्यांशु पटेल को मुरादाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त पद से बागपत का जिलाधिकारी बनाए जाने का उल्लेख है। वहीं प्रभास कुमार को महोबा का जिलाधिकारी बनाया गया है। उमेश प्रताप सिंह को बिजनौर का जिलाधिकारी और सत्य प्रकाश पटेल को हाथरस का जिलाधिकारी बनाया गया है।
फेरबदल के तहत अशोक कुमार को हमीरपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि विजय कुमार सिंह को मिर्जापुर का मुख्य विकास अधिकारी और संतोष बहादुर सिंह को मैनपुरी का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।
इसके अलावा विशाल कुमार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। गजल भारद्वाज को इन्वेस्ट यूपी में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि नितिन मदान को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।
सूची में जितेंद्र प्रताप सिंह को कानपुर नगर के जिलाधिकारी पद से हटाकर उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद का निदेशक बनाया गया है। नेहा बंधु को अपर आयुक्त, विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं अभिषेक गोयल, हमीरपुर के जिलाधिकारी, को विशेष सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक बनाया गया है। मंगला प्रसाद सिंह को बलिया के जिलाधिकारी पद से उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड के प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। अरविंद सिंह को एटा के जिलाधिकारी पद से विशेष सचिव खाद्य एवं रसद और राजेंद्र पेंसिया को मुरादाबाद के जिलाधिकारी पद से विशेष सचिव कारागार प्रशासन एवं सुधार बनाया गया है। इसके अलावा अतुल वत्स को विशेष सचिव राजस्व और चंद्रशेखर को विशेष सचिव परती भूमि विकास का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
