शहर

Delhi News: कनॉट प्लेस में बड़ा हादसा, सड़क से गुजर रहे ऑटो और स्कूटी पर गिरा पोल, दो लोग घायल

Delhi News: दिल्ली के कनॉट प्लेस में मिंटो ब्रिज के पास मंगलवार रात अचानक रेड लाइट का पोल सड़क पर गिर गया। जिसकी चपेट में ऑटो और स्कूटी आने से एक बच्चा और स्कूटी चालक घायल हो गए।

Image

कनॉट प्लेस में हादसा (फाइल फोटो)

Photo : iStock

Delhi Connaught Place Accident: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का दिल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस (Connaught Place) इलाके में मंगलवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। आउटर सर्किल पर मिंटो ब्रिज के पास अचानक एक भारी-भरकम ट्रैफिक पोल सड़क पर गिर गया। इस पोल की चपेट में एक ऑटो-रिक्शा और एक स्कूटर आ गए। जिससे ऑटो में सवार एक बच्चे समेत दो लोग घायल हो गए।

दोनों घायलों की हालत खतरे से बाहर

पुलिस के अनुसार, यह हादसा मंगलवार रात करीब 9:30 बजे हुआ। पोल गिरने से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कनॉट प्लेस थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। हादसे में घायल बच्चे और स्कूटी सवार को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना में किसी की मौत नहीं हुई है।

ऑटो और स्कूटर को भारी नुकसान

जानकारी के अनुसार, पोल गिरने से वहां से गुजर रहे एक ऑटो और एक स्कूटर को भारी नुकसान पहुंचा, जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद काफी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। लेकिन पुलिस ने सड़क पर गिरे पोल को हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई।

लोगों का आरोप- जर्जर हालत में था पोल

पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि यह ट्रैफिक सिग्नल का पोल काफी समय से जर्जर और जंग के कारण अंदर से कमजोर हो चुका था, जिसके चलते यह अचानक गिर पड़ा। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोल गिरने के असली कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article