Greater Noida West Accident: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सोमवार को तेज रफ्तार का खतरनाक रूप देखने को मिला। बिसरख थाना क्षेत्र के इटेरा इलाके में एक तेज रफ्तार थार ने स्कूटी सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसा इतना जोरदार था कि स्कूटी पर सवार 40 वर्षीय नीरज और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान नीरज की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी का इलाज अभी जारी है। हादसे के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
थार कार स्कूटी को जोरदार टक्कर मारी
पुलिस के अनुसार, नीरज अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान इटेरा क्षेत्र में थार कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
पत्नी की हालत गंभीर, इलाज जारी
इलाज के दौरान नीरज की हालत बिगड़ गई और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनकी पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है और अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फरार ड्राइवर की तलाश जारी
हादसे के बाद आरोपी चालक थार कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार को अपने कब्जे में ले लिया है और वाहन के चालक की पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष से तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। आरोपी के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
