Delhi News: दिल्ली के कालकाजी मंदिर के नजदीक एक पार्क में 17 वर्षीय किशोरी से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, वारदात को तीन युवकों ने अंजाम दिया, जिन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिसकर्मी बताकर धमकाने लगे युवक
पुलिस के मुताबिक, किशोरी सोमवार शाम करीब सात बजे अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर पहुंची थी। मंदिर में दर्शन करने के बाद दोनों करीब साढ़े सात बजे मंदिर के पास स्थित एक पार्क में गए। इसी दौरान करीब 25 से 30 वर्ष की उम्र के तीन युवक वहां पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों को कथित तौर पर धमकाने लगे। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर होगी आगे कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद रात करीब 8:45 बजे पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) को कॉल मिली। यह पार्क कालकाजी मंदिर और इस्कॉन मंदिर के बीच स्थित बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किशोरी को चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि आगे की कानूनी कार्रवाई किशोरी के बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर की जा रही है।
POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज
आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस पार्क और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। जांच टीम घटना के समय पार्क तथा उसके आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके। पुलिस ने मामले में संबंधित कानूनी धाराओं के साथ POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें काम कर रही हैं।
