शहर

Aaj Ka Mausam: अगले 14 घंटे दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में बारिश की चेतावनी, IMD ने 10 से ज्यादा राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट

Aaj Ka Mausam: मौसम विभाग ने अगले 14 घंटों के लिए देश के कई राज्यों में भारी बारिश, बिजली गिरने और 80 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। ओडिशा, यूपी, दिल्ली और पहाड़ी राज्यों में भी मौसम को लेकर चेतावनी जारी हुई है। जानें कैसा रहेगा आज का मौसम।

Image

पहाड़ों पर भूस्खलन तो मैदानों में जलभराव का संकट

Photo : Times Now Digital

Aaj Ka Mausam 27 July: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को देश के कई राज्यों में सक्रिय मानसूनी गतिविधियों को लेकर गंभीर मौसम चेतावनी जारी की है। IMD के ताजा बुलेटिन के अनुसार, अगले 14 घंटे कई राज्यों के लिए बेहद संवेदनशील साबित हो सकते हैं, जहां मूसलाधार बारिश, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने आगाह किया है कि कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इससे पेड़ उखड़ने, बिजली आपूर्ति बाधित होने, यातायात ठप होने और निचले इलाकों में भारी जलभराव (Waterlogging) का खतरा पैदा हो गया है।

उत्तर भारत और पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा

हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में पूरे सप्ताह रुक-रुक कर व्यापक बारिश का अनुमान जताया गया है। पहाड़ों पर लगातार बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। इसके अलावा, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी मानसूनी बारिश में तेजी आएगी। राजस्थान और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में तेज अंधड़ और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले मैदानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

पूर्वी भारत: ओडिशा में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी

पूर्वी भारत के राज्यों, जिसमें ओडिशा, गांगेय पश्चिम बंगाल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड और बिहार में भी व्यापक बारिश की संभावना है। इसमें ओडिशा में भारी से बहुत भारी और कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने का अनुमान है। झारखंड और बिहार के कई जिलों में सप्ताह के मध्य तक बारिश की तीव्रता और बढ़ेगी।

प्रशासन और आम जनता के लिए सलाह

मौसम विभाग ने तटीय क्षेत्रों, नदियों के किनारे रहने वाले निवासियों, किसानों और यात्रियों को सतर्क रहने को कहा है। राज्य सरकारों और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। आम जनता से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और आधिकारिक सलाह का पालन करें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article