स्पोर्ट्स

एशियाई हॉकी महासंघ का एशियन गेम्स में पंजाब के सीएम भगवंत मान को न्योता

पंजाब के सीएम को एएचएफ का न्योता, अध्यक्ष फुमियो ओगुरा की ओर से भेजे गए निमंत्रण में 30 सितंबर और एक अक्टूबर को होने वाले महिला एवं पुरुष हॉकी के सेमीफाइनल तथा दो और तीन अक्टूबर को खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले शामिल हैं।

Image

हॉकी इंडिया और भगवंत मान (साभार-X)

एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और राज्य सरकार के एक प्रतिनिधिमंडल को जापान के आइची-नागोया में आयोजित हो रहे एशियाई खेलों की महिला और पुरुष हॉकी प्रतियोगिताओं के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले देखने के लिए आमंत्रित किया है। यह निमंत्रण ऐसे समय आया है जब मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व में पंजाब पहली बार पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026 की मेजबानी की तैयारी कर रहा है। एक आधिकारिक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई।

एएचएफ अध्यक्ष फुमियो ओगुरा की ओर से भेजे गए निमंत्रण में 30 सितंबर और एक अक्टूबर को होने वाले महिला एवं पुरुष हॉकी के सेमीफाइनल तथा दो और तीन अक्टूबर को खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले शामिल हैं। एएचएफ ने कहा है कि पंजाब सरकार के प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी से उसे राज्य में किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन के प्रबंधन और संचालन का प्रत्यक्ष अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।

बयान के मुताबिक यह अनुभव इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पंजाब 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करने जा रहा है। इस टूर्नामेंट का आयोजन जालंधर और मोहाली संयुक्त रूप से करेंगे। जालंधर में उद्घाटन समारोह और लीग चरण के मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल की मेजबानी मोहाली करेगा।

मुख्यमंत्री मान ने इस आयोजन को हॉकी की उस धरती पर वापसी बताया है, जिसने भारतीय हॉकी के कई दिग्गज खिलाड़ियों को जन्म दिया है। आधिकारिक बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री मान और पंजाब सरकार के प्रतिनिधिमंडल को मिला यह निमंत्रण ऐसे समय आया है जब राज्य अंतरराष्ट्रीय हॉकी को पंजाब में वापस लाने और देश के प्रमुख हॉकी केंद्रों में अपनी पहचान को और मजबूत करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। आगामी एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के अलावा जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, चीन समेत कई देशों की टीमें पंजाब में एक-दूसरे से भिड़ेंगी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article