Apple के नए M6 चिप को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है। कंपनी ने अगस्त में अपने नए M6 सिलिकॉन को पेश किया था और इसके साथ Mac mini को भी नए चिपसेट के साथ अपडेट किया गया। अब Geekbench लिस्टिंग में Mac mini M6 की परफॉर्मेंस से जुड़ी कुछ अहम जानकारी सामने आई है। लिस्टिंग के मुताबिक, नए Mac mini में 32GB RAM और 12-कोर CPU दिया गया है। शुरुआती बेंचमार्क रिजल्ट से पता चलता है कि M6 चिप मल्टी-कोर परफॉर्मेंस के मामले में पिछले M5 के मुकाबले अच्छा खासा सुधार दे सकती है।
Mac mini M6 में मिल सकते हैं 12 CPU कोर
Geekbench पर Mac18,5 नाम से एक कथित लिस्टिंग सामने आई है, जिसे Mac mini M6 से जोड़ा जा रहा है। Notebookcheck की रिपोर्ट के मुताबिक, इस लिस्टिंग में सिस्टम को macOS 27.0 पर चलते हुए दिखाया गया है। इसमें 32GB मेमोरी भी दर्ज है।
रिपोर्ट के अनुसार, M6 में कुल 12 CPU कोर हो सकते हैं। इसमें 2 Super कोर, 4 Performance कोर, 6 Efficiency कोर की परफॉर्मेंस मिलेंगी। Apple ने M6 के CPU आर्किटेक्चर के बारे में जो जानकारी दी है, यह कोर कॉन्फिगरेशन उससे मेल खाता है। हालांकि, Geekbench लिस्टिंग में प्रोसेसर का नाम सीधे तौर पर नहीं बताया गया है।
Geekbench पर M6 ने कितने स्कोर किए?
कथित तौर पर टेस्ट में Mac mini M6 ने Single-Core में 4,610 अंक और Multi-Core में 20,676 अंक हासिल किए हैं। तुलना करें तो मौजूदा 10-कोर M5 का Geekbench Median Score करीब 4,195 Single-Core और 17,072 Multi-Core बताया गया है। ये आंकड़े पांच रिकॉर्डेड टेस्ट पर आधारित हैं।
इन आंकड़ों के हिसाब से M6 करीब 10 फीसदी बेहतर Single-Core और लगभग 20 फीसदी बेहतर Multi-Core परफॉर्मेंस दे सकता है। हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि M6 के ये आंकड़े अभी कथित Geekbench लिस्टिंग पर आधारित हैं। इसलिए इन्हें Apple की आधिकारिक परफॉर्मेंस टेस्टिंग नहीं माना जा सकता।
A20 Pro से भी हुई तुलना
रिपोर्ट में M6 की तुलना Apple के A20 Pro चिप से भी की गई है। A20 Pro को iPhone 18 Pro सीरीज में इस्तेमाल किए जाने की बात कही गई है। एक हालिया Geekbench रिजल्ट में A20 Pro ने 4,725 Single-Core का स्कोर हासिल किया था। वहीं इसकी अधिकतम क्लॉक स्पीड 4.93GHz तक पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
इस हिसाब से A20 Pro का Single-Core स्कोर M6 के 4,610 स्कोर से करीब 2.5 फीसदी ज्यादा है। लेकिन Multi-Core टेस्ट में तस्वीर अलग है। A20 Pro का 12,575 का स्कोर M6 के कथित 20,676 Multi-Core स्कोर से काफी कम है।
M6 Mac mini से क्या उम्मीद?
अगर सामने आए Geekbench नतीजे सही साबित होते हैं, तो M6 के साथ Mac mini में खासतौर पर Multi-Core परफॉर्मेंस में अच्छा सुधार देखने को मिल सकता है। इससे मल्टीटास्किंग और ज्यादा CPU पावर की जरूरत वाले कामों में फायदा मिलने की उम्मीद की जा सकती है।
