Gboard Scan Text: यदि आपको भी टाइप करने बहुत उबाऊ काम लगता है और फोटो से स्कैन करके टेक्स्ट टाइप करना चाहते हैं तो गूगल अपने कीबोर्ड में आपके लिए नया फीचर ला रहा है। गूगल कीबोर्ड के नए जीबोर्ड स्कैन टेक्स्ट फीचर की मदद से आप केवल फोटो को स्कैन करके उसके टेक्स्ट को टाइप कर सकेंगे। बता दें कि इससे अलावा गूगल यूजर्स को बोल कर टाइप करने की सुविधा भी देता है।
जीबोर्ड स्कैन टेक्स्ट (Gboard Scan Text)
गूगल नए फीचर पर काम कर रहा है। इस फीचर का नाम जीबोर्ड स्कैन टेक्स्ट है, जो टेक्स्ट को पहचानने और उसे टेक्स्ट फील्ड में दर्ज करने के लिए ऑप्टिकल कैरेक्टर रिकग्निशन (ओसीआर) टेक्नोलॉजी का उपयोग करता है। टेक्स्ट को स्कैन करने और फीड करने की एक समान सुविधा iOS 15.4 या नए वर्जन पर चलने वाले आईफोन मॉडल पर भी उपलब्ध है।
ऐसे काम करेगा फीचर
मिशाल रहमान द्वारा एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर शेयर की गई फीचर की एक फोटो दिखाती है कि नया जीबोर्ड फीचर कैसे काम करता है। आपके स्मार्टफोन के रियर कैमरे का उपयोग करके, गूगल का कीबोर्ड ऐप आपको टेक्स्ट की एक फोटो लेने देगा - यह एक डॉक्यूमेंट, एक स्क्रीन, कोई बोर्ड, पोस्टर या शब्दों वाला एक ऑब्जेक्ट हो सकता है, और फिर टेक्स्ट को एक्ट्रेक्ट करने और इसे आपके वर्तमान ऐप में इंसर्ट करने के लिए ओसीआर टेक्नोलॉजी का उपयोग करता है।
क्या होगा फायदा?
यानी अगर आसान भाषा में कहें तो आपको फोन की मदद से पोस्टर या बोर्ड को स्कैन करना है और आपके फोन में सही शब्द टाइप हो जाएंगे, जिसे आप चाहें तो व्हाट्सएप या किसी भी सोशल मीडिया ऐप पर भेज सकते हैं, पोस्ट कर सकते हैं। इस फीचर का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे हार्ड कॉपी वाले डॉक्यूमेंट को हाथ से टाइप करने की दिक्कत नहीं रहेगी। आप इसी काम को एक क्लिक में फोन से भी कर सकेंगे।
