Thailand Visa: थाईलैंड भारतीय यात्रियों के लिए टॉप टूरिस्ट डेस्टिनेशन बना हुआ है। नई दिल्ली में रॉयल थाई दूतावास ने 1 जनवरी, 2025 से भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए ई-वीजा सुविधाओं के कार्यान्वयन की घोषणा कर दी है मतलब दिल्ली के रॉयल थाई दूतावास से भारत में एक जनवरी 2025 से थाईलैंड का ई-वीजा मिलने लगेगा। इस नई प्रणाली का उद्देश्य वीजा आवेदनों को सुव्यवस्थित करना है, जिससे आवेदकों को ऑफलाइन भुगतान विधि के माध्यम से पेमेंट करने की अनुमति मिल सके। ई-वीजा प्रोसेस में लगभग 14 दिन लगेंगे।
थाई दूतावास ने इस बात पर प्रकाश डाला कि नियमित भारतीय पासपोर्ट धारक अभी भी पर्यटक और बिजनेस ट्रैवल के लिए 60-दिवसीय वीज़ा छूट के पात्र होंगे। हालांकि, ई-वीज़ा चुनने वाले आवेदकों को एक वीज़ा शुल्क का भुगतान करना होगा।
आवेदकों को अपना आवेदन थाईलैंड के आधिकारिक ई-वीजा पोर्टल के माध्यम से जमा करना आवश्यक है। दूतावास ने नई ई-वीजा प्रणाली में बदलाव के लिए समय सीमा भी स्पष्ट कर दी है। आदेश के अनुसार सामान्य पासपोर्ट आवेदन जिन्हें वीजा प्रक्रिया कंपनियों के पास जमा किया गया है, वे 16 दिसंबर तक स्वीकार किए जाएंगे। वहीं राजनयिक और आधिकारिक पासपोर्ट आवेदन दूतावास और महावाणिज्य दूतावास में 24 दिसंबर तक स्वीकार होंगे।
बता दें कि ये सुरम्य द्वीप सालाना लाखों लोगों को आकर्षित करता है। बैंकॉक, पटाया, फुकेत भारतीय पर्यटकों के फेवरेट ट्रैवल डेस्टिनेशन में बने हुए हैं। 2019 में 2 मिलियन से अधिक भारतीय पर्यटकों ने थाईलैंड की यात्रा की है। जो पिछले वर्षों की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि है।
