बेंगलोर: पिता बनने की खुशखबरी हासिल करने श्रीलंका से अचानक मुंबई पहुंचे टीम के टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह फिलहाल भारत में हैं। वो नेपाल के खिलाफ सोमवार को खेले गए मुकाबले में नहीं खेले। ऐसे में भारतीय टीम के लिए एक अच्छी खबर आई है। चोट से उबरने के बाद केएल राहुल टीम इंडिया से जुड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और वो मंगलवार को श्रीलंका रवाना होंगे।
केएल राहुल पहले दो मैच के लिए थे अनुपलब्ध
केएल राहुल को एशिया कप 2023 के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था लेकिन वो टीम के साथ लीग दौर के लिए श्रीलंका रवाना नहीं हुए। श्रीलंका पहुंचते ही टीम इंडिया के कोच राहुल द्रविड़ ने ऐलान कर दिया कि राहुल शुरुआती दो मैच के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। ऐसे में पाकिस्तान और नेपाल के खिलाफ लीग दौर के मैचों के खत्म होने के बाद राहुल श्रीलंका पहुंचेंगे।
विश्वकप की टीम में शामिल होना है मुश्किल?
केएल राहुल और ईशान किशन में से किसे विश्व कप के लिए भारतीय टीम में मौका मिले इसको लेकर बहस छिड़ी हुई है। ईशान किशन ने पाकिस्तान के खिलाफ 82 रन की पारी खेलकर अपना दावा मजबूत कर लिया है। उनके नाम वनडे में लगातार चार अर्धशतक हो गए हैं। ईशान टॉप ऑर्डर के साथ-साथ मिडिल ऑर्डर में खेलने को तैयार हैं। विकेटकीपर होने के साथ-साथ वो ओपनर और मिडिल ऑर्डर में भी बल्लेबाजी कर सकते हैं। उनके टीम में होने से लेफ्ट-राइट हैं कॉम्बिनेशन भी उपलब्ध होगा। ऐसे में केएल राहुल के लिए वर्ल्ड कप की टीम में शामिल होना मुश्किल नजर आ रहा है।
