क्रिकेट

SMAT 2024-25: मुंबई ने मध्यप्रदेश को रौंदकर दूसरी बार किया सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी पर कब्जा, रजत पाटीदार की कप्तानी पारी पर फिरा पानी

अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली मुंबई ने मध्य प्रदेश को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में 5 विकेट के अंतर से मात देकर दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया।

Image

मुंबई क्रिकेट टीम (साभार Twitter)

बेंगलुरू: श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली मुंबई क्रिकेट टीम ने मध्य प्रदेश को 5 विकेट अंतर से मात देकर दूसरी बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब दूसरी बार अपने नाम कर लिया। इससे पहले मुंबई की टीम साल 2022-23 में पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पहली बार खिताब जीता था। जीत के लिए 175 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने 14.4 ओवर में 129 रन सूर्यकुमार यादव का विकेट गंवा दिया था। ऐसे में मुश्किल में लग रही मुंबई को जीत दिलाने में सूर्यांश शेडगे और अथर्व अंकोलेकर ने छठे विकेट के लिए 51* (19)रन की नाबाद साझेदारी करके अपनी टीम को 5 विकेट से जीत दिला दी। शेडगे 36(15) और अंकोलेकर 16(6) रन बनाकर नाबाद रहे। शेडगे ने अपनी पारी में 3 चौके और 3 छक्के जड़े। अथर्व अंकोलेकर ने 6 गेंद में नाबाद 16 रन की पारी खेली और छक्का जड़कर मुंबई को 17.5 ओवर में 5 विकेट से जीत दिलाई।

फिर सस्ते में पवेलियन लौटे पृथ्वी शॉ

जीत के लिए 175 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ एक बार फिर नाकाम रहे और 15 रन बनाकर दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर पवेलियन लौट गए। त्रिपुरेश सिंह ने उन्हें अपना शिकार बनाया। पृथ्वी के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने श्रेयस अय्यर उतरे। अय्यर ने रहाणे के साथ तेजी से रन बनाए लेकिन पांचवें ओवर की पांचवीं गेंद पर त्रिपुरेश की गेंद पर लपके गए। उन्होंने 16(9) रन बनाए।

रहाणे सूर्या ने पहुंचा 100 रन के करीब

47 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद मुंबई की बल्लेबाजी का मोर्चा रहाणे और सूर्यकुमार यादव ने संभाला। दोनों ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए स्कोर को 99 रन तक पहुंचाया लेकिन 12वें ओवर की चौथी गेंद पर रहाणे को वेंकटेश अय्यर ने बाथम के हाथों कैच कराकर चलता कर दिया। रहाणे ने 37(30) रन की पारी खेली।

अर्धशतक से चूके सूर्यकुमार यादव

रहाणे के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने शिवम दुबे उतरे। दुबे ज्यादा देर तक पिच पर नहीं टिक सके। 6 गेंद में 9 बनाकर दुबे कुमार कार्तिकेय की गेंद पर लपके गए। उनके आउट होते ही स्कोर 13.1 ओवर में 4 विकेट पर 121 रन हो गया। ऐसे में मुंबई की पारी को सूर्या और अथर्व अंकोलेकर ने आगे बढ़ाया लेकिन 15वें ओवर की चौथी गेंद पर सूर्या शिवम शुक्ला की गेंद पर 48(35) रन बनाकर लौट गए। स्वीप शॉट खेलने की कोशिश में सूर्या गच्चा खा गए और आवेश खान के हाथों लपके गए।

शेड्गे और अथर्व ने दिलाई जीत

129 के स्कोर पर मुंबई की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी। जीत के लिए 32 गेंद में 46 रन बनाने थे। ऐसे में अथर्व अंकोलेकर और सूर्यांश शेडगे ने पारी को आगे बढ़ाया। शेडगे और अंकोलेकर ने बल्लेबाजी के दौरान थोड़ी चालाकी दिखाई और टीम को 150 रन के करीब ले गए। 16 ओवर में मुंबई ने 147/5 रन बना लिए थे। जीत के लिए 24 गेंद में 28 रन और बनाने थे। 16वें ओवर में कुमार कार्तिकेय ने 17 रन लुटा दिए। यहीं पर मैच एमपी के हाथ से फिसल गया।

खराब रही मध्य प्रदेश की शुरुआत

मुंबई के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर मध्य प्रदेश को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। ऐसे में मध्य प्रदेश का शुरुआत बेहद खराब रही। पारी के दूसरे ओवर में एमपी के दोनों ओपनर 6 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। अर्पित गौड़(3) और हर्ष गावली(2) दोनों शार्दुल ठाकुर का शिकार बने। ऐसे में टीम का मोर्चा शुभ्रांशु सेनापति और हरप्रीत सिंह ने संभाला। दोनों ने पारी को आगे बढ़ाया औक स्कोर को 48 रन तक ले गए। लेकिन आठवें ओवर की चौथी गेंद पर 15(23) रन बनाकर अंकोलेकर की गेंद पर सूर्यकुमार यादव के हाथों लपके गए।

पाटीदार ने जड़ा 28 गेंद में अर्धशतक

3 विकेट पर 48 के स्कोर पर सेनापति का साथ देने कप्तान रजत पाटीदार उतरे। दोनों ने टीम को 50 रन के पार पहुंचाया लेकिन 54 के स्कोर पर सेनापति को शिवम दुबे ने चलता कर दिया। उन्होंने 23 रन बनाए। 54 रन पर 4 विकेट गंवाकर मध्य प्रदेश की टीम बैकफुट में नजर आ रही थी। ऐसे में कप्तान रजत पाटीदार ने एक छोर संभाल लिया। एक छोर से पाटीदार ने गेंदबाजों की धुनाई शुरू कर दी। वहीं दूसरे छोर पर नियमित अंतराल में विकेट गिरते रहे। 86 के स्कोर पर वेंकटेश अय्यर सूर्यांश शेडगे की गेंद पर रहाणे के हाथों लपके गए। उन्होंने 17(9) रन बनाए। 86 रन पर मध्य प्रदेश की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। दूसरे छोर पर थोड़ी देर राहुल बाथम ने उनका साथ दिया। वो पिच पर टिके रहे और पाटीदार ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक 28 गेंद में 5 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा कर लिया।

पाटीदार ने खेली 40 गेंद में 81 रन की नाबाद पारी

बाथम और पाटीदार ने 30 गेंद में छठे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली। ये साझेदारी पारी के 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर टूट गई। रोस्टन डायस ने राहुल बाथम और त्रिपुरेश सिंह को चलता कर दिया। 142 रन पर 7 विकेट एमपी ने गंवा दिए। बावजूद इसके पाटीदार पिच पर डटे रहे। दूसरे छोर पर साथ दे रहे शिवम शुक्ला 1 रन बनाकर 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर रन आउट हो गए। इसके बाद पारी के आखिरी ओवर में पाटीदार और कुमार कार्तिकेय ने 18 रन जोड़कर टीम को 20 ओवर में 8 विकेट पर 174 रन तक पहुंचा दिया। पाटीदार 40 गेंद में 81 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 6 छक्के जड़े। वहीं कार्तिकेय 2 रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई के लिए सबसे ज्यादा 2-2 विकेट रोस्टन डायस और शार्दुल ठाकुर लिए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article