नई दिल्ली: बीसीसीआई ने रविवार को नई दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 6 विकेट अंतर से जीत के बाद सीरीज के बाकी बचे दो टेस्ट के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया। पहले दो टेस्ट में जीत हासिल करने वाले दल में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दूसरे टेस्ट से पहले रणजी ट्रॉफी फाइनल के लिए रिलीज किए गए सौराष्ट्र के कप्तान और बांए हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट की टीम में वापसी हुई है।
एसएस दास की अध्यक्षता में हुआ टीम चयन
चेतन शर्मा के मुख्य चयनकर्ता पद से इस्तीफा देने के बाद एसएस दास की अध्यक्षता में हुआ यह पहला टीम चयन है। चयनसमिति ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करने वाली टीम में कोई बदलाव नहीं किया। सीरीज का तीसरा टेस्ट 1 से 5 मार्च के बीच इंदौर के होलकर स्टेडियम में और चौथा आखिरी टेस्ट 9 से 13 मार्च के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। तीसरा टेस्ट इंदौर से पहले धर्मशाला में खेला जाना था लेकिन मैदान के पूरी तरह तैयार नहीं होने के बाद वेन्यू में बदलाव कर दिया गया।उपकप्तान के नाम का नहीं किया गया ऐलान
केएल राहुल के लगातार नाकाम रहने के बाद तीसरे और चौथे टेस्ट के लिए किसी भी खिलाड़ी को टीम का उपकप्तान नहीं चुना गया है। दिल्ली टेस्ट के बाद कप्तान रोहित और कोच राहुल द्रविड़ के राहुल का बचाव किए जाने के बाद इसे इंदौर में शुभमन गिल को एकादश में मौका दिए जाने के संकेत के रूप में देखा जा सकता है। क्योंकि पहले ये तर्क दिए जा रहे थे कि उपकप्तान को कैसे एकादश से बाहर किया जा सकता है। लेकिन अब ये समस्या भी खत्म हो गई है।ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे और चौथे टेस्ट के लिए भारतीय टेस्ट टीम:रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, केएस भरत (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, उमेश यादव, जयदेव उनादकट।
