क्रिकेट

IND vs AUS 3rd Test Pitch Report: भारत-ऑस्ट्रेलिया तीसरे टेस्ट मैच की पिच रिपोर्ट

IND vs AUS 3rd Test Pitch Report In Hindi: भारतीय समय के मुताबिक शनिवार सुबह 5:50 पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला शुरू होने वाला है। तीसरा टेस्ट मैच ब्रिस्बेन के द गाबा मैदान पर खेला जाएगा। इस ऐतिहासिक मैदान पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के इस मैच का सभी को इंतजार था क्योंकि सीरीज अब 1-1 की बराबरी पर चल रही है। आपको बताते हैं भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले तीसरे टेस्ट मैच में ब्रिस्बेन के मैदान की पिच रिपोर्ट क्या कुछ कहती है और कैसे हैं ग्राउंड के दिलचस्प आंकड़े।

Image

भारत-ऑस्ट्रेलिया तीसरे टेस्ट मैच की पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • ऑस्ट्रेलिया-भारत टेस्ट सीरीज
  • शुरू होने जा रहा है भारत-ऑस्ट्रेलिया तीसरा टेस्ट मैच
  • सीरीज का तीसरा मुकाबला ब्रिस्बेन में खेला जाएगा

IND vs AUS 3rd Test Pitch Report In Hindi Today Match: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शनिवार (14 दिसंबर) से बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच शुरू होने जा रहा है। इस बार मैच का आयोजन ब्रिस्बेन (Brisbane) में होगा। सीरीज का पहला टेस्ट मैच टीम इंडिया ने 295 रनों से जीता था। जबकि दूसरे टेस्ट में एडिलेड के मैदान पर पिंक बॉल के साथ मेजबान ऑस्ट्रेलियाई टीम ने जोरदार वापसी की और सीरीज में 1-1 की बराबरी करने में सफलता हासिल कर ली। टीम इंडिया पिछले मुकाबले में कई कमजोरियों से जूझती नजर आई थी जिसमें सबसे बड़ी खामी बल्लेबाजी में दिखी और भारत इसे ब्रिस्बेन टेस्ट में सुधारना चाहेगा। भारत-ऑस्ट्रेलिया तीसरा टेस्ट शनिवार सुबह 5:50 बजे शुरू होगा और टॉस 5:20 पर होगा। ऑस्ट्रेलियाई टीम की अगुवाई पैट कमिंस (Pat Cummins) करेंगे। वहीं, टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) हैं।

टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुरू होने वाले टेस्ट सीरीज के तीसरे टेस्ट मुकाबले से पहले यहां बताते हैं कि इन दोनों टीमों का टेस्ट क्रिकेट इतिहास में आमने-सामने का रिकॉर्ड कैसा रहा है। भारत और ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज टीमों के बीच टेस्ट क्रिकेट इतिहास में इससे पहले 109 मैच खेले जा चुके हैं। इन मुकाबलों में 46 बार ऑस्ट्रेलिया को जीत मिली है। जबकि भारतीय टेस्ट टीम 33 मैचों में जीत दर्ज करने में सफल रही है। वहीं, 29 टेस्ट मैच ड्रॉ रहे, जबकि एक मैच टाई भी रहा। ऑस्ट्रेलिया की जमीन पर इन दोनों महराथी टीमों के बीच हुए अब तक खेले गए टेस्ट मैचों पर नजर डालें तो यहां पर मेहमान भारतीय टीम और मेजबान ऑस्ट्रेलियाई टीम के बीच 54 टेस्ट मैच अब तक हो चुके हैं। इन मुकाबलों में मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने अपने घर में 31 मैचों में टीम इंडिया को पस्त किया। वहीं, भारतीय टीम अब तक ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर सिर्फ 10 मैच जीत सकी है जिसमें मौजूदा टेस्ट सीरीज का पहला मैच भी शामिल है। यहां इनके बीच 13 टेस्ट मैच ड्रॉ भी रहे।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे टेस्ट मैच की पिच रिपोर्ट (IND vs AUS 3rd Test Pitch Report)

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए खेली जा रही 5 टेस्ट मैचों की इस सीरीज का तीसरा मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ब्रिस्बेन के द गाबा के नाम से मशहूर ब्रिस्बेन क्रिकेट ग्राउंड (Brisbane Cricket Ground) पर खेला जाएगा। इस ऐतिहासिक क्रिकेट स्टेडियम की पिच की बात करें तो यहां अब तक 66 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं। इस दौरान यहां पर बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच काफी कड़ी टक्कर देखने को मिली है। आमतौर पर यहां बल्लेबाजों का पलड़ा भारी रहा है। इस मैदान पर सर्वाधिक स्कोर 645 रन है जो ऑस्ट्रेलिया ने 1946 में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था। जबकि सबसे कम स्कोर 58 रन का रहा जिसका शिकार टीम इंडिया ही 1947 में हुई थी। दिलचस्प बात ये भी है कि इसी पिच पर 2021 में भारत ने 329 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत दर्ज की थी। यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का औसत स्कोर 332 रन है। वहीं, गेंदबाजों में इस पिच पर तेज गेंदबाज अपनी रफ्तार का दम दिखाते नजर आ सकते हैं।

तीसरे टेस्ट मैच में इन खिलाड़ियों पर रहेंगी निगाहें (Players To Watch Out For In Brisbane Test)

अगर ब्रिस्बेन में होने वाले तीसरे टेस्ट मैच में दोनों टीमों के उन खिलाड़ियों की बात करें जिन पर फैंस की सबसे ज्यादा निगाहें टिकी रहेंगी, तो उनमें ऑस्ट्रेलिया की तरफ से उनके कप्तान व पिछले मैच में जोरदार गेंदबाजी करने वाले कमिंस के अलावा स्टीव स्मिथ (Steve Smith), नाथन मैकस्वीनी (Nathan McSweeney), स्कॉट बोलैंड (Scott Boland), मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc), ट्रेविस हेड (Travis Head) और चोट से ठीक होकर टीम में वापसी कर रहे जोश हेजलवुड (Josh Hazlewood) पर निगाहें रहेंगी। वहीं भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah), नीतीश कुमार रेड्डी (Nitish Kumar Reddy), विराट कोहली (Virat Kohli), ऋषभ पंत (Rishabh Pant) और मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) पर सबकी उम्मीदें टिकी होंगी।

ब्रिस्बेन में पिछले 5 टेस्ट मैचों के स्कोरकार्ड और नतीजे (Last 5 Test Match Scorecard And Results At Brisbane)

तारीख टीमें स्कोरकार्ड नतीजे
21 नवंबर 2019ऑस्ट्रेलिया-पाकिस्तानपाकिस्तान- 240, ऑस्ट्रेलिया- 580, पाकिस्तान- 335ऑस्ट्रेलिया पारी और 5 रन से जीता
15 जनवरी 2021भारत-ऑस्ट्रेलियाऑस्ट्रेलिया- 369, भारत- 336, ऑस्ट्रेलिया- 294, भारत- 329/7भारत 3 विकेट से जीता
8 दिसंबर 2021ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंडइंग्लैंड- 147, ऑस्ट्रेलिया- 425, इंग्लैंड- 297, ऑस्ट्रेलिया- 20/1ऑस्ट्रेलिया 9 विकेट से जीता
17 दिसंबर 2022ऑस्ट्रेलिया-दक्षिण अफ्रीकाद.अफ्रीका- 152, भारत- 218, द.अफ्रीका- 99, ऑस्ट्रेलिया- 35/4ऑस्ट्रेलिया 6 विकेट से जीता
25 जनवरी 2024ऑस्ट्रेलिया-वेस्टइंडीजवेस्टइंडीज- 311, ऑस्ट्रेलिया- 289/9 dec, विंडीज- 193, ऑस्ट्रेलिया- 207वेस्टइंडीज 8 रन से जीता

ऑस्ट्रेलिया और भारत की टेस्ट टीमें (Australia And India Test Squads)

ऑस्ट्रेलिया की घोषित प्लेइंग-11: पैट कमिंस (कप्तान), उस्मान ख्वाजा, ट्रैविस हेड, मिच मार्श, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), नाथन मैकस्वीनी, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन।

भारतीय टेस्ट टीमः रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), केएल राहुल, हर्षित राणा, अभिमन्यु ईश्वरन, शुभमन गिल, रवींद्र जडेजा, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), सरफराज खान, प्रसिद्ध कृष्णा, रविचंद्रन अश्विन, नीतीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज और वाशिंगटन सुंदर।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article