Tasty Sweet Recipe : त्योहारों का सीजन आ गया है और इन दिनों में मीठे का बहुत ही क्रेज होता है। मीठे के बिना मानों फेस्टिवल अधूरा रह जाता है। दूसरी ओर लोगों को डाइट का भी पूरा ध्यान रखना होता है। आटा, बेसन और सूजी के हलवे में काफी कैलोरीज होती हैं। ऐसे में क्यों न इस बार एक ऐसा हलवा ट्राय करें जो टेस्ट में बहुत अच्छा हो, लेकिन जिसमें कैलोरीज कम हो। ऐसी ही एक डिश है स्ट्रॉबेरी का हलवा। ये टेस्ट में डिफरेंट भी होता है और देखने में भी बहुत अच्छा लगता है। इसे बनाना बेहद आसान होता है और यह बहुत ही कम समय में बनकर तैयार हो जाता है। तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की विधि-
हलवा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- 1 कप स्ट्रॉबेरी
- आधा कप सूजी
- आधा कप चीनी
- एक गिलास पानी
- आधा कप घी
- 6 से 7 काजू, बादाम
- 4 छोटी इलाइची, पिस्ता, किशमिश
हलवा बनाने की विधि
अगर आपको जैम और हलवा दोनों का स्वाद साथ लेना है तो आप स्ट्रॉबेरी हलवे को झटपट तैयार कर सकते हैं। सबसे पहले ताजा स्ट्रॉबेरी लें। फिर इन्हें अच्छे से धो लें और फिर एक सूखे कपड़े पर सुखा लें। अब स्ट्रॉबेरी की अच्छी सी प्यूरी बना लें। दूसरी तरफ एक पैन में घी गर्म करके उसमें आधा कप सूजी भून लें। अब एक गिलास पानी गर्म करके उसमें चीनी डालें। जब चीनी पूरी तरह से घुल जाए तो गैस बंद कर दें। अब सूजी में यह चीनी वाला पानी डाल दें। जब ये थोड़ा गाढ़ा हो जाए तो इसमें स्ट्रॉबेरी प्यूरी डालें। अब इसे अच्छी तरीके से पकाएं। जब ये घी छोड़ने लगे तो गैस को बंद कर दें। आपका हलवा तैयार है। अब इसमें मेवे डालें। ये हलवा खाने में बेहद अच्छा लगता है।
स्ट्रॉबेरी में होते हैं एंटीऑक्सीडेंट गुण
आपको बता दें की स्ट्रॉबेरी में एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं। इसमें पॉलीफेनॉल कंपाउंड होते हैं जो सेहत के लिए काफी फायदेमंद होते हैं। इसमें विटामिन-सी होता है जो आपकी त्वचा और बालों के लिए बेहद अच्छा होता है।
