10 points on Farmers Protest Shambhu Border: पंजाब से आए किसानों ने मंगलवार को हरियाणा के शंभू बॉर्डर से दिल्ली में दाखिल होने की कोशिश की तो बॉर्डर पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने के लिए आंसू गैस का सहारा लिया। पुलिस के आंसू गैस ने किसानों को थोड़ा पीछे धकेला लेकिन गैस का असर कम होते ही वे दोबारा बॉर्डर क्रास करने के लिए आगे बढ़े। किसानों पर काबू पाने के लिए पुलिस ने फिर ड्रोन से आंसू गैस गिराने शुरू किए। आंसू गैस के गोले लगातार छोड़े जाने पर थोड़ी ही देर में शंभू बॉर्डर पर चारो तरफ आसमान में धूंआ फैल गया। बॉर्डर पर अफरा-तफरी का माहौल और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। बताया जा रहा है कि दिल्ली में दाखिल होने के लिए पंजाब से किसानों का एक और बड़ा जत्था शंभू बॉर्डर के लिए रवाना हुआ है।
किसान आन्दोलन पर 10 बिंदु(10 Points on Kisan Andolan 2024)
- किसानों के ऊपर आंसू गैस के गोले छोड़े जाने की घटना के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि संवेदनशीलता के साथ किसानों के साथ बातचीत कर समस्या का समाधान निकाला जा सकता है। बातचीत से रास्ता निकल सकता है। एमएसपी पर कानूनी गारंटी देने की मांग पर मुंडा ने कहा कि इस पर अभी ही सारी बातें मान ली जाए यह थोड़ी राजनीति से प्रेरित बात लगती है।
- केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 1013-14 की तुलना में अभी एमएसपी काफी ज्यादा हो गई है। किसानों की जो मांगे हैं उन पर राज्यों से भी बात करनी होगी। मुंडा ने कहा कि बातचीत के लिए हमारा दरवाजा खुला हुआ है। हम चंडीगढ़ में दो बार बात कर चुके हैं।
- मुंडा ने कहा कि हमें सूचना मिली है की कुछ लोग आंदोलन के माध्यम से किसानों को बदनाम करने की कोशिश करेंगे।
- किसानों को उनसे सजग रहना चाहिए। वह किसानों से वापस लौट जाने की अपील करते हैं। कृषि राज्य का विषय है। केंद्र सरकार अपना काम कर रही है। हम बाकी राज्यों के साथ इस मामले पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं।
- हरियाणा बॉर्डर पर घग्घर नदी पर बने पुल से गुजरने वाले राजमार्ग के दोनों तरफ आवागमन बंद कर दिया गया है। पुल के हरियाया वाले हिस्से की तरफ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं। इस बार बैरिकेडिंग पिछली बार से ज्यादा मजबूत और सुरक्षा ज्यादा पुख्ता है।
- तीन कृषि कानूनों के खिलाफ हुए प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने इस बार प्रदर्शन से निपटने के लिए ज्यादा तैयारी की है। उसने मॉक ड्रिल किया है। बॉर्डर पर पैरामिलिट्री की 30 कंपनियों के अलावा हरियाणा पुलिस के हजारों जवान तैनात हैं। इस बार ड्रोन से निगरानी की जा रही है और एंबुलेंस तैनात हैं।
- संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा ने घोषणा की है कि किसान फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी के वास्ते कानून बनाने सहित अपनी मांगों को लेकर केंद्र पर दबाव बनाने के लिए मंगलवार को दिल्ली कूच करेंगे।
- किसानों के ‘दिल्ली चलो’ मार्च के कारण राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में बड़े पैमाने पर यातायात बाधित होने का संज्ञान लेते हुए प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ ने मंगलवार को कहा कि अगर वकील यातायात में फंस जाते हैं तो उनके साथ सहयोग किया जाएगा।
- प्रधान न्यायाधीश चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति जे बी पारदीवाला एवं न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ ने दिन की कार्यवाही की शुरुआत में वकीलों से कहा कि अगर किसी को यातायात की स्थिति के कारण कोई समस्या होती है, तो ‘हम समायोजन कर लेंगे।’
- किसान संगठन ‘कीर्ति किसान यूनियन’ ने मंगलवार को पंजाब-हरियाणा सीमाओं को सील करने के लिए केंद्र और हरियाणा सरकार पर हमला करते हुए दावा किया कि पंजाब के लोगों को लगता है कि वे दुश्मन देश के नागरिक हैं।
