Shraddha Walkar Murder Case: दिल्ली के श्रद्धा वालकर हत्याकांड में जहां एक ओर नए-नए खुलासे हो रहे हैं। वहीं, इस सनसनीखेज केस को कुछ लोग 'लव जिहाद' के एंगल से भी जोड़कर देख रहे हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से जब इस संदर्भ में सोमवार को सवाल हुआ तो उन्होंने बिना नाम लिए बीजेपी पर हमला बोले हुए कहा- यह एक घटना थी। बस जुमले गढ़ दिए हैं। आप एक कौम को निशाना बनाकर सियासत कर रहे हैं।
समाचार एजेंसी एएनआई के सवाल पर वह बोले, "यह (श्रद्धा हत्याकांड) एक दुर्घटना है। इसे नाम दे दिया गया है। जुमले कस दिए गए हैं। सदियों से अंतर धर्म में शादियां होती हैं...यह नई बात तो नहीं है। लेकिन आपने एक कौम को एक धर्म को टारगेट बना दिया है, उसी के आधार पर राजनीति हो रही है।" सुनें, कांग्रेस शासित राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने क्या कहा?:
कांग्रेस शासित सूबे के सीएम गहलोत की इस टिप्पणी से पहले रविवार को असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने महरौली हत्याकांड का मुद्दा उठाया था। पूर्वोत्तर दिल्ली में नगर निगम चुनाव के लिए प्रचार के दौरान उन्होंने ‘‘लव जिहाद’’ के खिलाफ कड़े कानून की मांग भी की।
घोंडा इलाके में भाजपा के 'विजय संकल्प' रोड शो के दौरान कहा, ‘‘ जैसा कि हम सब जानते हैं कि देश को तीन तलाक के खिलाफ कानून मिल गया है, हमें लव जिहाद के खिलाफ कानून की जरूरत है और एक समान नागरिक संहिता की भी। ’’
दरअसल, "लव जिहाद" एक ऐसा शब्द है, जिसका इस्तेमाल अक्सर भाजपा और दक्षिणपंथी विचारधारा वाले हिंदू नेताओं की ओर से कथित रूप से बल या छल के जरिए अवैध धर्मांतरण का उल्लेख करने के लिए किया जाता है।
