इलेक्शन

हमें आफताब नहीं, मोदी जैसा नेता चाहिए, लवजिहाद के खिलाफ कानून चाहिए- दिल्ली में गरजे हिमंत बिस्वा सरमा

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 21, 2022, 12:32 AM IST

एमसीडी चुनाव में भाजपा और आम आदमी पार्टी से 250-250 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। जानकारी के मुताबिक एमसीडी चुनाव में कांग्रेस के तीन नामांकन रद्द हुए हैं, जिसके कारण कांग्रेस सिर्फ 247 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। यहां मुकाबला बीजेपी-आप और कांग्रेस के बीच देखने को मिल रहा है।

Image

असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा

Photo : Twitter

दिल्ली में असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने एक रोड शो के दौरान लोगों को श्रद्धा हत्याकांड (Shraddha Murder Case) की याद दिलाते हुए कहा कि हमारे देश को आफताब की नहीं बल्कि लव जिहाद के खिलाफ कानून की जरूरत है। हमें पीएम मोदी (PM Modi) जैसे नेता की जरूरत है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी के घोंडा क्षेत्र में एक रोड शो किया। यहां उन्होंने लोगों से बीजेपी को वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों का उत्साह यह स्पष्ट कर रहा है कि चुनाव का परिणाम क्या होगा?

असम के मुख्यमंत्री ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी कटाक्ष किया और कहा कि वह नाटक करने में सर्वश्रेष्ठ हैं। उन्होंने कहा- "लोगों का उत्साह स्पष्ट करता है कि चुनाव का परिणाम क्या होगा। केजरीवाल नाट्यकला में सर्वश्रेष्ठ हैं। वह सोचते हैं कि हिंदू दुश्मन हैं, लेकिन क्या हिंदुओं के बिना भारत का अस्तित्व हो सकता है? उन्हें सीएए (कार्यान्वयन) के दौरान दिल्ली में हुए दंगों के लिए माफी मांगनी चाहिए। बीजेपी इस चुनाव को जीतेगी।"

इसी रोड शो के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए असम के सीएम ने कहा- "हमारे देश को आफताब (श्रद्धा हत्याकांड के आरोपी) की नहीं बल्कि भगवान राम जैसे व्यक्ति, पीएम मोदी जैसे नेता की जरूरत है। हमें लव जिहाद के खिलाफ कानून और समान नागरिक संहिता की आवश्यकता है। हमें ऐसे कानून चाहिए जहां आफताब को फांसी दी जा सके।"

बता दें कि दिल्ली नगर निगम यानि कि एमसीडी के 250 वार्डों के लिए चुनाव चार दिसंबर को होंगे जबकि मतगणना सात दिसंबर को होगी। इस चुनाव में बीजेपी अपनी बादशाहत बरकरार रखने की कोशिश कर रही है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article